



ग्राम सेतु डेस्क.
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित बैबी हैप्पी मॉर्डन पीजी कॉलेज में खेल महोत्सव के तहत पांचवें दिन क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। क्रिकेट मुकाबलों में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ भाग लिया। कॉलेज परिसर स्थित खेल मैदान पर सुबह से ही खिलाड़ियों और दर्शकों की मौजूदगी से उत्सव जैसा माहौल बना रहा। प्रत्येक मुकाबले में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
क्रिकेट प्रतियोगिताओं में विभिन्न कक्षाओं की टीमों ने हिस्सा लिया। बल्लेबाजों ने आकर्षक शॉट्स लगाकर दर्शकों की तालियां बटोरीं, वहीं गेंदबाजों ने सटीक गेंदबाजी से विरोधी टीम को कड़ी चुनौती दी। फील्डरों की चुस्ती और टीमों के बीच आपसी समन्वय ने मुकाबलों को रोमांचक बना दिया। मैच के दौरान खेल भावना का विशेष ध्यान रखा गया और खिलाड़ियों ने एक-दूसरे का उत्साहवर्धन किया।
महाविद्यालय शिक्षा समिति के निदेशक तरूण विजय ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेलों के माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि आज के तनावपूर्ण वातावरण में खेल युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करते हैं। महाविद्यालय में खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए हर संभव सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
महाविद्यालय के चौयरमैन आशीष विजय ने कहा कि खेल महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को सामने लाना और उन्हें प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना है। उन्होंने बताया कि बैबी हैप्पी मॉर्डन पीजी कॉलेज में प्रतिवर्ष खेल महोत्सव का आयोजन कर विद्यार्थियों को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए प्रेरित किया जाता है। खेलों में आगे बढ़ने वाले खिलाड़ियों के लिए भविष्य में कई अवसर उपलब्ध हैं, जिनका विद्यार्थियों को लाभ उठाना चाहिए।
वाईस चौयरमैन रौनक विजय ने जानकारी दी कि खेल महोत्सव का समापन समारोह गुरुवार को आयोजित किया जाएगा। समापन अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता रहे खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी विशेष रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।
खेल महोत्सव के सफल आयोजन में महाविद्यालय के शिक्षकों, खेल प्रशिक्षकों एवं स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा। पांचवें दिन की क्रिकेट प्रतियोगिताओं ने विद्यार्थियों में नए उत्साह का संचार किया और समापन समारोह को लेकर सभी में उत्सुकता बनी हुई है।




