



ग्राम सेतु डॉट कॉम.
सावित्री बाई फूले की जन्म जयंती सप्ताह के मौके पर सशक्त नारी संस्थान ने महिलाओं के स्वास्थ्य और मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता एवं पोषण पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक और डाइटिशियन ने महिलाओं को महावारी के दौरान होने वाली सामान्य समस्याओं, सही देखभाल और संतुलित आहार की जानकारी दी। पूर्व उपसभापति नगीना बाई और संस्थान की अध्यक्ष मित्ताली अग्रवाल ने महिलाओं को खुलकर स्वास्थ्य मुद्दों पर बातचीत करने और नियमित सेनेटरी पैड उपयोग की प्रेरणा दी। कार्यक्रम ने महिलाओं में स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूकता फैलाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को विशेषकर महावारी (मासिक धर्म) के दौरान स्वच्छता, सही देखभाल एवं पोषण के प्रति जागरूक करना रहा। इस अवसर पर महिलाओं से महावारी जैसे विषयों पर खुलकर बात करने और इस दौरान सेनेटरी पैड का नियमित उपयोग करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व उपसभापति नगीना बाई रहीं। मुख्य वक्ता के रूप में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संचिता आहुजा एवं डाईटिशियन पूजा मित्तल उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता सशक्त नारी संस्थान की संस्थापक व अध्यक्ष मित्ताली अग्रवाल ने की। बड़ी संख्या में महिलाओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं।
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संचिता आहुजा ने महिलाओं को महावारी के समय होने वाली सामान्य समस्याओं जैसे दर्द, कमजोरी, संक्रमण एवं हार्माेनल बदलावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मासिक धर्म कोई बीमारी नहीं बल्कि एक प्राकृतिक प्रक्रिया है, जिस पर संकोच करने की बजाय सही जानकारी और स्वच्छता पर ध्यान देना आवश्यक है। उन्होंने नियमित सफाई, समय-समय पर सेनेटरी पैड बदलने और किसी भी परेशानी में चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
डाईटिशियन पूजा मित्तल ने महावारी के दौरान संतुलित आहार के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि इस दौरान आयरन, कैल्शियम एवं प्रोटीन युक्त भोजन महिलाओं के लिए बेहद आवश्यक है। हरी सब्जियां, फल, दालें और पर्याप्त पानी का सेवन करने से कई समस्याओं से बचा जा सकता है।
मुख्य अतिथि पूर्व उपसभापति नगीना बाई ने अपने संबोधन में कहा कि आज भी समाज में महावारी जैसे विषय पर खुलकर बात नहीं की जाती, जबकि जागरूकता ही महिलाओं के बेहतर स्वास्थ्य की कुंजी है। उन्होंने सशक्त नारी संस्थान के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
संस्थापक अध्यक्ष मित्ताली अग्रवाल ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों, स्वास्थ्य एवं आत्मसम्मान के प्रति जागरूक करना है। साथ ही जरूरतमंद महिलाओं और बालिकाओं को सहयोग प्रदान करना भी संस्था की प्राथमिकता है। कार्यक्रम के अंत में महिलाओं ने इस तरह के आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की। कार्यक्रम को सफल बनाने में सशक्त नारी संस्थान की संस्थापक व अध्यक्ष एडवोकेट मित्ताली अग्रवाल के साथ-साथ कोषाध्यक्ष सीमा गुप्ता, उपाध्यक्ष निशा मित्तल, प्रचार मंत्री रजनी अग्रवाल एवं संरक्षक सरोज अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। आयोजन में अनीता गर्ग, डिम्पल दुरिया, सिमरन कौर, गीता अग्रवाल, नागीना भाजी, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संचिता आहुजा, डाइटिशियन पूजा मित्तल, हंसा देवी जी, मोहिनी देवी, किशन मुखी, राजू मुखी तथा मुकेश नारंग का भी सराहनीय सहयोग रहा।




