





ग्राम सेतु डेस्क.
हनुमानगढ़ जिला अस्पताल के पूर्व प्रमुख चिकित्सा अधिकारी और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. एमपी शर्मा के पिता श्री मनफूलराम शर्मा का सोमवार सुबह निधन हो गया। वे कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। मूल रूप से भादरा क्षेत्र के गांव सिकरोड़ी निवासी मनफूलराम शर्मा खेती-किसानी से जुड़े हुए थे। वे अपने सरल, सहज और सादगीपूर्ण स्वभाव के लिए जाने जाते थे। गांव और आसपास के इलाकों में उनकी दिलेरी और साहस से जुड़े किस्से आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं। उन्होंने अपने जीवन में ईमानदारी और परिश्रम को सर्वाेपरि रखा, जिससे समाज में उन्हें विशेष सम्मान मिला।
मनफूलराम शर्मा अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। परिवार के प्रति उनका लगाव और जिम्मेदारियों का निर्वहन उनके जीवन की प्रमुख विशेषताओं में शामिल रहा। उनके संस्कारों और मूल्यों की झलक उनके बच्चों और परिजनों के आचरण में साफ दिखाई देती है।
सोमवार को हनुमानगढ़ टाउन स्थित कल्याणभूमि में मनफूलराम शर्मा का अंतिम संस्कार वैदिक रीति-रिवाजों के साथ किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र के विधायक गणेशराज बंसल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, चिकित्सक, अधिवक्ता, पत्रकार और अन्य गणमान्य नागरिकों ने पहुंचकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। अंतिम संस्कार के दौरान शोक व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। सभी ने मनफूलराम शर्मा के सरल व्यक्तित्व और सामाजिक सरोकारों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
भटनेर पोस्ट मीडिया ग्रुप शर्मा परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को मोक्ष प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।



