




ग्राम सेतु पॉलिटिकल ब्यूरो.
राजनीति अब सिर्फ भाषण, पोस्टर और रैलियों तक सीमित नहीं रही। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और सोशल मीडिया के दौर में भारतीय जनता पार्टी ने खुद को एक कदम आगे रखते हुए बड़ी तैयारी कर ली है। विपक्ष के नैरेटिव को तोड़ने और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रभावी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में अपने कार्यकर्ताओं और नेताओं को प्रशिक्षित करने का महाअभियान शुरू किया है। इसके तहत राजस्थान में करीब 30 लाख से ज्यादा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, विधायकों और सांसदों को ट्रेनिंग दी जाएगी। यह प्रशिक्षण केवल संगठनात्मक जानकारी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एआई और सोशल मीडिया के बेहतर इस्तेमाल पर भी केंद्रित होगा।
भाजपा ने अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 की शुरुआत की है। इस अभियान का लक्ष्य देशभर में करोड़ों कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना है। अभियान की शुरुआत मंडल स्तर से हो चुकी है और इसे चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। राजस्थान में इस महाअभियान को बड़े पैमाने पर लागू किया जा रहा है। प्रदेश भाजपा की योजना है कि बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर सांसद तक, सभी को इस प्रशिक्षण से जोड़ा जाए।
प्रदेश में इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए 857 वक्ताओं का चयन किया गया है। इनमें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित वरिष्ठ नेता शामिल हैं। ये वक्ता अलग-अलग सत्रों में पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यप्रणाली और आधुनिक राजनीतिक रणनीतियों पर मार्गदर्शन देंगे।
भाजपा के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम की सबसे खास बात यह है कि इसमें विपक्ष द्वारा गढ़े गए नैरेटिव को तोड़ने की रणनीति सिखाई जा रही है। साथ ही कार्यकर्ताओं को एआई टूल्स, सोशल मीडिया मैनेजमेंट और डिजिटल कंटेंट के प्रभावी उपयोग की ट्रेनिंग दी जा रही है। जिला स्तर के प्रशिक्षण सत्रों में सूचना तंत्र को मजबूत करने और पार्टी के पक्ष में पॉजिटिव परसेप्शन बनाने जैसे विषय शामिल किए गए हैं। वहीं, प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों और नेताओं के लिए 15 सत्रों में चुनाव प्रबंधन, मीडिया प्रबंधन, सोशल मीडिया रणनीति और एआई के सही इस्तेमाल पर गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कांग्रेस और अन्य दलों को छोड़कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं और नए कार्यकर्ताओं के लिए भी विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि वे पार्टी की विचारधारा और कार्यसंस्कृति को जल्दी समझ सकें।
प्रदेश में प्रशिक्षण कार्यक्रम के संयोजक और भाजपा के प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने बताया कि इस ट्रेनिंग में भाग लेना सभी स्तर के नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि हर स्तर के प्रशिक्षण के लिए पार्टी के ‘सरल एप’ के माध्यम से रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद इसी एप के जरिए ऑनलाइन टेस्ट होगा। टेस्ट पास करने पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण पूर्ण होने का सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा।





