





ग्राम सेतु डॉट कॉम
पंचायत चुनाव की रणभेरी बजने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया है। सत्ताधारी और विपक्षी दलों के बीच शह-मात के खेल के बीच भारतीय जनता पार्टी ने हनुमानगढ़ जिला परिषद सदस्य के प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। हालांकि पार्टी स्तर पर अभी औपचारिक आधिकारिक घोषणा होना बाकी है, लेकिन सूत्रों के अनुसार पार्टी हाईकमान ने सभी 37 में से 36 जोन में अपने प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। पार्टी के अधिकृत प्रतिनिधि तय समयसीमा के भीतर संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह (सिंबल) आवंटित करेंगे। इस सूची में जहां अनुभवी और पूर्व जन प्रतिनिधियों पर भरोसा जताया गया है, वहीं जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को साधने की पूरी कोशिश की गई है। हालांकि जोन संख्या 20 पर सहमति न बन पाना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पंचायत चुनावों को लेकर गांवों में चौपालों से लेकर राजनीतिक दफ्तरों तक हलचल तेज हो चुकी है। जिला परिषद चुनाव को विधानसभा और लोकसभा की रीढ़ माना जाता है, इसलिए भाजपा इस बार कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती। पार्टी के रणनीतिकारों ने लंबी मंथन प्रक्रिया और जमीनी फीडबैक के बाद प्रत्याशियों का खाका खींचा है।
तय योजना के मुताबिक, भाजपा के अधिकृत पदाधिकारी आज निर्धारित समयावधि के भीतर संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों (आरओ) को आधिकारिक फॉर्म और सिंबल सौंपेंगे। सिंबल वितरण की प्रक्रिया पूरी होते ही उम्मीदवार आधिकारिक तौर पर पार्टी के चुनाव चिन्ह पर नामांकन दाखिल कर अपने प्रचार अभियान को गति देंगे।
उपलब्ध सूची के अनुसार, पार्टी ने शुरुआत से ही संतुलन साधने का प्रयास किया है, जोन 1 से 10 तक में से जोन 1 से इंद्रजीत बिश्नोई, जोन 2 से कुलदीप चनणका, जोन 3 से श्योपत मेघवाल, जोन 4 से तुलसी, जोन 5 से सिया, जोन 6 से पवन सिहाग, जोन 7 से संतलाल बिजारणियां, जोन 8 से अंजनी गौड़, जोन 9 से विनोद भांभू और जोन 10 से कृष्ण सहारण को चुनावी मैदान में उतारा गया है।
जोन 11 से कृष्णा, जोन 12 से सत्यप्रकाश चाहर, जोन 13 से अनिता, जोन 14 से अर्जुन सहू, जोन 15 से मैना देवी, जोन 16 से सुलोचना देवी, जोन 17 से सोनिया, जोन 18 से शारदा देवी तथा जोन 19 से सरस्वती गोदारा के नाम पर मुहर लगाई गई है।
इस पूरी सूची का सबसे चौंकाने वाला पहलू जोन 20 रहा, जहां पार्टी अब तक किसी एक नाम पर आम सहमति नहीं बना पाई है। सूत्रों के मुताबिक, इस जोन में अंतिम फैसला रोक लिया गया है।
वहीं, जोन 21 से प्रेम गोदारा, 22 से रेशमा देवी, 23 से रजनी कस्वां, 24 से पूर्व उप जिला प्रमुख गुलाब सींवर, 25 से भगवानाराम, 26 से पार्वती देवी और जोन 27 से सुमन वर्मा को टिकट दिया गया है। वहीं जोन 28 से पूर्व प्रधान शिमला कस्वां को मैदान में उतारकर मुकाबले को दिलचस्प बना दिया गया है। जोन 29 से रामेश्वरलाल तथा जोन 30 से कांता उम्मीदवार होंगी।
जोन 31 से सुगना बाई, जोन 32 से राजविंद्र कौर, जोन 33 से सुनीता, जोन 34 से गुरपास सिंह, जोन 35 से धर्मेंद्र सिंह, जोन 36 से रमनदीप कौर और जोन 37 से कर्मजीत कौर पार्टी के सिंबल पर ताल ठोकेंगी। सूची में महिलाओं की मजबूत भागीदारी और सामाजिक संतुलन साफ दिखाई दे रहा है। सिंबल मिलने के साथ ही अब मुकाबला सीधे तौर पर धरातल पर आ चुका है।





