




गोपाल झा
पांच दिवसीय दीपोत्सव आज भैया दूज के साथ विदाई की ओर है। घरों में जगमगाते दीपक, रोशनी से नहाई गलियां, मिठाइयों की मिठास और अपनों से मिलने का उल्लास… दीपावली का यही तो मूल सौंदर्य है। लेकिन इस बार भी उत्सव की चमक के पीछे कुछ ऐसे अंधेरे दिखाई दिए, जिन्हें नजरअंदाज करना समाज के लिए आत्मघाती होगा। पटाखेबाजी में लापरवाही, अतिउत्साह और असावधानी के चलते देश के अलग-अलग हिस्सों में हुए हादसों ने कई घरों के चिराग हमेशा के लिए बुझा दिए। दर्जनों परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। जिन बच्चों और बड़ों को दीपोत्सव के बाद अपने जीवन की नई सुबह देखनी थी, वे अब कभी लौटकर नहीं आएंगे।
सवाल केवल हादसों में हुई मौतों का नहीं है। सवाल हमारी उत्सव मनाने की बदलती प्रवृत्ति का भी है। पिछले कुछ वर्षों में पटाखों पर खर्च करने की होड़ जिस तरह बढ़ी है, वह चिंता पैदा करती है। मानो दीपावली की भव्यता का पैमाना घर में जलने वाले दीपकों से नहीं, बल्कि आसमान में होने वाले धमाकों और धुएं के गुबार से तय होने लगा हो। हम भूलते जा रहे हैं कि उत्सव की सार्थकता खर्च की गई रकम या शोर की तीव्रता में नहीं, बल्कि उससे मिलने वाली खुशी और आपसी सद्भाव में निहित होती है।
जरा अपने आसपास नजर डालिए। किसी घर में हृदय रोग से पीड़ित बुजुर्ग है, कहीं कैंसर का मरीज उपचाराधीन है, किसी की किडनी जवाब दे चुकी है तो कोई रक्तचाप की समस्या से जूझ रहा है। किसी को माइग्रेन है, कोई सांस की बीमारी से परेशान है तो किसी के घर में दमा का मरीज है। किसी परिवार में छोटा बच्चा है, किसी घर में परीक्षा की तैयारी कर रहा विद्यार्थी और कहीं कोई वृद्ध व्यक्ति बीमारी के कारण बिस्तर पर है। तेज आवाज और जहरीला धुआं इन सबके लिए कितनी तकलीफदेह हो सकता है, इसका अंदाजा शायद वही लगा सकता है जिसने कभी ऐसी पीड़ा को करीब से महसूस किया हो।
लेकिन विडंबना देखिए कि हमें अपनी खुशी से फुर्सत ही कहां है! हमें पटाखे चलाने हैं, धमाके करने हैं और अपनी मस्ती का प्रदर्शन करना है। पड़ोसी की परेशानी से हमारा क्या वास्ता? सच तो यह है कि जब हमारी खुशी किसी दूसरे की तकलीफ का कारण बनने लगे तो उसे आनंद नहीं, उन्माद कहा जाना चाहिए। आनंद में संवेदना होती है, उन्माद में संवेदनाओं का अभाव। आनंद दूसरों को साथ लेकर चलता है, जबकि उन्माद अपने अलावा किसी को देखने-सुनने की क्षमता ही छीन लेता है।
हमारे पुरखों ने दीपावली जैसे पर्वों की परंपरा केवल इसलिए विकसित नहीं की थी कि हम अपनी खुशियों के प्रदर्शन में दूसरों की शांति भंग कर दें। दीपावली के अगले दिन ‘रामा-श्यामा’ की परंपरा भी इसी सामाजिक दर्शन का हिस्सा है। एक-दूसरे के घर जाकर ‘राम-राम’ करना, गले मिलना, बड़ों का आशीर्वाद लेना और संबंधों में मिठास घोलना इस परंपरा का मूल भाव है। लेकिन हमने धीरे-धीरे शिष्टाचार को भी औपचारिकता और दिखावे में बदल दिया। पहले रातभर पटाखों के शोर से पड़ोसियों को परेशान किया और फिर अगले दिन ‘रामा-श्यामा’ के बहाने गले मिलने पहुंच गए। जरा सोचिए, ऐसे शिष्टाचार का वास्तविक अर्थ क्या रह जाता है?
दुर्भाग्य यह भी है कि जब कभी पटाखेबाजी की अति पर सवाल उठाया जाता है तो धर्म को ढाल बनाकर सामने खड़ा कर दिया जाता है। धर्म ‘खतरे’ में होने की दुहाई दी जाती है। मानो पटाखों की संख्या कम करने से आस्था कमजोर हो जाएगी! जबकि धर्म का मर्म किसी को कष्ट पहुंचाने में नहीं, बल्कि प्राणीमात्र के प्रति करुणा, दया और संवेदना रखने में है। जो लोग धर्म के नाम पर दूसरों की पीड़ा को अनदेखा करते हैं, वे दरअसल धर्म की रक्षा नहीं, उसकी मूल आत्मा को आहत करते हैं। धर्म का प्रदर्शन आसान है, उसका आचरण कठिन। दुर्भाग्य से हम आचरण की जगह प्रदर्शन को अधिक महत्व देने लगे हैं।
उत्सव का अर्थ है खुशियां बांटना, रिश्तों को संवारना और जीवन में प्रेम का उजास भरना। यदि किसी उत्सव के दौरान हमारा व्यवहार दूसरों के लिए परेशानी, भय और पीड़ा का कारण बन रहा है तो हमें अपनी परंपराओं की नहीं, अपनी समझ की समीक्षा करनी चाहिए। दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व है। यह केवल घरों के बाहर दीप जलाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने भीतर की संवेदनहीनता और अहंकार के अंधकार को मिटाने का भी संदेश है।
खैर, इस वर्ष का दीपोत्सव अब विदा हो रहा है। जो बीत गया, सो बात गई। लेकिन अगले वर्ष फिर दीपावली आएगी। तब तक हमें इतना आत्ममंथन जरूर कर लेना चाहिए कि हमारी खुशी किसी दूसरे के लिए सजा न बने। पटाखों की जगह दीपों को, शोर की जगह संगीत को और दिखावे की जगह संवेदना को प्राथमिकता दें। पड़ोसी की बीमारी, बुजुर्ग की विवशता और बच्चों की परेशानी को भी अपनी खुशी का हिस्सा समझें।
कहते हैं, सुबह का भूला यदि शाम को घर लौट आए तो उसे भूला नहीं कहते। आइए, अगले दीपोत्सव से पहले हम अपनी भूल सुधार लें। क्योंकि दूसरों के जीवन में उजाला किए बिना अपने घर को रोशन कर लेना महज रोशनी है, उत्सव नहीं। दूसरों की पीड़ा को महसूस करना ही वास्तविक धर्म है, यही उत्सव का मर्म है और यही सच्चे आनंद की पहचान भी।






