




ग्राम सेतु डॉट कॉम
पंचायत चुनावों में कांग्रेस के बेहतर प्रदर्शन के बाद जिले में पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच उत्साह का माहौल नजर आ रहा है। इसी उत्साह की झलक उस समय देखने को मिली, जब पंचायत समिति हनुमानगढ़ जंक्शन की नवनिर्वाचित प्रधान रत्नेश कुमारी के स्वागत के लिए चौधरी विनोद कुमार के आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी जुटे। कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक के नेतृत्व में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधान को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी। चुनावी जीत की चर्चा, एक-दूसरे को शुभकामनाएं और आगामी विकास कार्यों को लेकर उम्मीदों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीण राजनीति में पार्टी की बढ़ती भूमिका पर भी विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि चुनाव में मिली सफलता के साथ अब जनप्रतिनिधियों के सामने जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की जिम्मेदारी है।
पंचायत समिति हनुमानगढ़ जंक्शन के प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी रत्नेश कड़वा ने 12 मत हासिल कर जीत दर्ज की। भाजपा प्रत्याशी अक्षय कुमार को 5 और निर्दलीय एवं माकपा समर्थित प्रत्याशी हरजीत कौर को 2 मत मिले। जिले की विभिन्न पंचायत समितियों और जिला परिषद में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की सफलता के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। जिला प्रमुख पद पर रेणु जांगू और उप जिला प्रमुख पद पर रामकुमार स्वामी के निर्वाचन को भी कांग्रेस नेता ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी की राजनीतिक मजबूती के रूप में देख रहे हैं।
पूर्व मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चौधरी विनोद कुमार ने कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस की जीत जनता के भरोसे की जीत है। जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख और पंचायत समितियों में कांग्रेस समर्थित जनप्रतिनिधियों का निर्वाचित होना इस बात का संकेत है कि ग्रामीण क्षेत्र की जनता ने पार्टी की नीतियों, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनहित से जुड़े मुद्दों को समर्थन दिया है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधान रत्नेश कुमारी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान और गांवों में विकास कार्य करवाना जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जनता ने जो विश्वास जताया है, उसे विकास और सेवा के माध्यम से कायम रखना होगा।
पीसीसी सदस्य भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस ने जिले में बेहतर प्रदर्शन कर अपनी राजनीतिक ताकत का परिचय दिया है। यह सफलता केवल चुनावी आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी के प्रति लोगों के भरोसे को भी दर्शाती है। जिला प्रमुख रेणु जांगू और उप जिला प्रमुख रामकुमार स्वामी के निर्वाचन के साथ पंचायत समितियों में कांग्रेस के प्रधान बनने से संगठन को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि निर्वाचित प्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर काम करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और एकजुटता को चुनावी सफलता का प्रमुख आधार बताया।
कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने कहा कि जिले में कांग्रेस की जीत कार्यकर्ताओं के संघर्ष, मेहनत और जनता के समर्थन का परिणाम है। चुनाव के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर कांग्रेस की विचारधारा तथा जनहित के मुद्दों को लोगों के सामने रखा। जनता ने समर्थन देकर पार्टी को पंचायतों में काम करने का अवसर दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित प्रधान रत्नेश कुमारी जनभावनाओं के अनुरूप काम करते हुए पंचायत समिति क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगी। पारीक ने कहा कि कांग्रेस संगठन जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करता रहेगा।
एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष सीताराम कड़वा ने कहा कि पंचायत चुनावों में कांग्रेस की सफलता से ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक न्याय, समान अवसर और विकास की उम्मीदों को बल मिला है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों, किसानों, मजदूरों और जरूरतमंद लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए पंचायत स्तर पर योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए। सभी वर्गों को साथ लेकर चलना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
सेवादल जिला उपाध्यक्ष अनिल तिवारी ने कहा कि चुनाव में कार्यकर्ताओं ने जिस उत्साह और समर्पण के साथ काम किया, उसका परिणाम पंचायत चुनावों में देखने को मिला है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रधान का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और आमजन की समस्याओं के समाधान में संगठन की ओर से पूरा सहयोग किया जाएगा।
कार्यक्रम में पूर्व पंचायत समिति सदस्य टीकूराम कड़वा, जिला संगठन महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, जिला सचिव एवं पार्षद लखविंदर सिंह, जिला महासचिव आमिर खान, शाहरुख कुरेशी, शिशुपाल लदोईया, भंवर खान, कृष्ण सांखला, यंग ब्रिगेड जिलाध्यक्ष लोकेंद्र सिंह भाटी, राज प्रकाश रोहिल्ला, अनूप चौधरी, मोहित शाक्य, जयदेव जोईया, धर्मेंद्र बजाज, विनित बंसल, जयपाल गिरी, सरपंच बालचंद ज्याणी, पूर्व सरपंच रणवीर भादू, सुरेंद्र खटीक, अवतार सिंह, योगेश चौहान, अविनाश भाट, मांगीलाल, सुनील नैन और मनीष शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने नवनिर्वाचित प्रधान रत्नेश कुमारी का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।





