

ग्राम सेतु ब्यूरो.
युवा परिवार वैलफेयर फाउंडेशन की ओर से गांव पंडितावाली स्थित हरिओम कॉलोनी में खास कक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। अध्यापिका मोनिका ने 40 जरूरतमंद परिवारों के बच्चों को जूते, जुराबें और पाठ्य सामग्री का वितरण किया। कार्यक्रम में फाउंडेशन के सदस्यों ने बच्चों से आत्मविश्वास और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का संकल्प दिलाया। इसी के साथ युवा परिवार वैलफेयर फाउंडेशन ने सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण पेश करते हुए 20 असहाय और गरीब परिवारों के बच्चों को गोद लिया। संस्था के सदस्यों ने न केवल इन बच्चों की शिक्षा का दायित्व उठाने का प्रण लिया बल्कि उनकी जरूरत की सभी सामग्रियों की पूर्ति करने का भी वचन दिया।

फाउंडेशन अध्यक्ष विक्रम सिंह रामगढ़िया ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसके बच्चों की शिक्षा से ही संभव है। अब टीम समय-समय पर इन बच्चों की प्रगति पर नजर रखेगी और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी। सबने अध्यापिका मोनिका की समाजसेवा की भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो गरीबी और सामाजिक भेदभाव की दीवारों को तोड़ सकती है। मोनिका ने बताया कि वे पिछले कुछ महीनों से हरिओम कॉलोनी में बच्चों को निशुल्क शिक्षा दे रही हैं ताकि वे मुख्यधारा से जुड़ सकें और बेहतर भविष्य की ओर कदम बढ़ा सकें।

कार्यक्रम में सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए उपस्थित जनों ने नशा मुक्ति, धर्म परिवर्तन जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि समाज में एकता, भाईचारा और शिक्षा का प्रसार ही सच्चे विकास का आधार है।

इस अवसर पर गांव के सरपंच कुलदीप जाखड़, मंडी समिति सदस्य गोपाल बारूपाल, सुनील जोशी, विजय कुमार, गोविन्द सोनी, सुरेंद्र सूफी, सतपाल राजस्थानी, भगवानाराम सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर फाउंडेशन के इस नेक कार्य की प्रशंसा की और समाज के अन्य संगठनों को भी इस दिशा में आगे आने का आह्वान किया।


