





ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़ जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आत्मा योजना अन्तर्गत पांच दिवसीय अंतरराज्यीय कृषक भ्रमण दल को जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने कलेक्ट्रेट परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डॉ. यादव ने किसानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह भ्रमण किसानों के लिए सीख, नवाचार और वैज्ञानिक खेती अपनाने का बड़ा अवसर है, जिससे हनुमानगढ़ जिले की कृषि क्षमता और मजबूत होगी।
कृषि (आत्मा) उपनिदेशक डॉ. सुभाष चंद्र डूडी ने बताया कि कैफेटेरिया गतिविधि बी-4 (राज्य के भीतर) के अंतर्गत बनाए गए दो दलों में 100 प्रगतिशील युवा किसान शामिल किए गए हैं। ये दल 21 से 25 जनवरी तक लूणकरणसर, बीकानेर, जोधपुर और सूरतगढ़ स्थित प्रमुख कृषि, उद्यानिकी और पशुपालन संस्थानों का अवलोकन करेंगे। किसान राजस्थान ओलिव कल्टीवेशन लिमिटेड, एटीसी बीकानेर, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, केन्द्रीय शुष्क बागवानी संस्थान, ऊंट अनुसंधान संस्थान, कृषि विश्वविद्यालय जोधपुर, काजरी संस्थान, केन्द्रीय शुष्क वानिकी संस्थान, कृषि कौशल विकास केंद्र व केवीके मण्डोर जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में विशेषज्ञों से संवाद करेंगे और सजीव प्रदर्शनी से नवीन कृषि तकनीकों को समझेंगे।
किसान उन्नत बीज किस्में, सिंचाई जल प्रबंधन, मृदा संरक्षण, संतुलित उर्वरक-कीटनाशी उपयोग, समेकित एवं जैविक खेती, संरक्षित खेती, उद्यानिकी, व्यावसायिक पशुपालन, वैज्ञानिक प्रबंधन तथा फसल अवशेष प्रबंधन जैसे विषयों पर प्रत्यक्ष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। जिला कलेक्टर ने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे भ्रमण से जो सीखें, उसे अपने खेतों में लागू करें और गाँव के अन्य किसानों को भी प्रेरित करें, ताकि जिले में आधुनिक खेती का प्रसार हो सके।
भ्रमण दल में प्रथम समूह हनुमानगढ़/संगरिया/टिब्बी क्षेत्र के प्रभारी श्री परविन्द्र सिंह तथा सहप्रभारी संदीप हैं, वहीं द्वितीय समूह नोहर/रावतसर/भादरा क्षेत्र के प्रभारी रामेश्वरलाल सहारण और सहप्रभारी नरेश कुमार को नियुक्त किया गया है। दल को रवाना करते समय संयुक्त निदेशक कृषि डॉ. प्रमोद कुमार, सहायक निदेशक कृषि बलकरण सिंह, डॉ. संजीव भादू, रामप्रताप गोदारा, उप परियोजना निदेशक (आत्मा) करणजीत सिंह, कृषि अनुसंधान अधिकारी राजेंद्र सिंह सहित कृषि विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।





