




ग्राम सेतु ब्यूरो.
अग्रवाल समाज समिति हनुमानगढ़ जंक्शन की आम सभा महाराजा अग्रसेन भवन में 28 दिसंबर, रविवार को प्रातः 10 बजे बुलाई गई है। इसमें वर्ष 2026 के लिए समिति की नई कार्यकारिणी के गठन को लेकर व्यापक चर्चा होगी और नौ प्रमुख पदों पर निर्वाचन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा। समिति का प्रयास रहेगा कि वरिष्ठजनों के मार्गदर्शन में सभी पदों पर आम सहमति से निर्णय हो, ताकि चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया से बचा जा सके और समाज में एकता का संदेश जाए।
आमसभा में जिन नौ पदों के लिए निर्वाचन प्रस्तावित है, उनमें अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, उपसचिव, कोषाध्यक्ष, विधि मंत्री, प्रचार मंत्री एवं संगठन मंत्री शामिल हैं। समिति सचिव रविन्द्र कुमार डालमिया ने बताया कि यदि इन सभी पदों पर आमसभा में ही समाज के वरिष्ठजनों की सहमति से नाम तय हो जाते हैं, तो चुनावी प्रक्रिया को स्वतः निरस्त माना जाएगा। लेकिन यदि किसी भी पद पर किसी कारणवश सहमति नहीं बन पाती है, तो उस पद के लिए निर्धारित चुनावी प्रक्रिया को अपनाया जाएगा।
आमसभा के दौरान समिति द्वारा वर्ष 2025 का लेखा-जोखा भी समाज के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही वर्ष 2025 में समिति के बैनर तले समाजहित में किए गए विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। समाज के उत्थान, संगठन की मजबूती, युवाओं की सहभागिता, सामाजिक गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं को लेकर भी आमसभा में खुलकर विचार-विमर्श होगा। यह मंच समाज के सदस्यों के लिए अपने सुझाव, विचार और अपेक्षाएं रखने का अवसर भी प्रदान करेगा।
चुनाव अधिकारी एडवोकेट राजकुमार बंसल ने बताया कि यदि 28 दिसंबर की आमसभा में कार्यकारिणी 2026 के लिए आम सहमति नहीं बनती है, तो 29 दिसंबर, सोमवार को चुनावी प्रक्रिया की शुरुआत की जाएगी। इस दिन अग्रवाल समाज समिति के अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, उपसचिव, कोषाध्यक्ष, विधि मंत्री, प्रचार मंत्री एवं संगठन मंत्री पदों के लिए नामांकन पत्र भरे जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए न्यूनतम आयु 50 वर्ष निर्धारित की गई है, जबकि शेष पदों के लिए न्यूनतम आयु 40 वर्ष होना अनिवार्य है। नामांकन पत्र भरने का समय 29 दिसंबर को प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक रहेगा। इसके बाद नामांकन वापसी का समय दोपहर 1 बजे से 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। नामांकनों की जांच दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक की जाएगी, जबकि अंतिम प्रत्याशियों की सूची शाम 4 बजकर 30 मिनट पर घोषित कर दी जाएगी।
चुनाव अधिकारी बंसल ने यह भी स्पष्ट किया कि अग्रवाल समाज समिति की वर्ष 2026 की नामांकन नामावली में दर्ज सदस्य ही निर्वाचक होंगे और वही मतदान करने तथा निर्वाचित होने के अधिकारी होंगे। मतदान 4 जनवरी, रविवार को प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक संपन्न होगा। मतदान समाप्त होते ही उसी दिन 3 बजे से मतगणना प्रारंभ कर दी जाएगी और मतगणना के तुरंत बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव की यह पूरी प्रक्रिया महाराजा अग्रसेन भवन में ही संपन्न कराई जाएगी।
समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल ने समाज के सभी सदस्यों से अपील की है कि वे आमसभा में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर समाज की लोकतांत्रिक परंपरा को मजबूत करें और समिति के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि आमसभा केवल चुनाव का मंच नहीं, बल्कि समाज की दिशा और दशा तय करने का अवसर है।
आमसभा की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल के साथ अमृतलाल गोयल, सुरेश महिपाल, रविन्द्र कुमार डालमिया, विक्रम कुमार बंसल, प्यारेलाल बंसल, मुकेश मित्तल, दिनेश कुमार गुप्ता, कमल कुमार, मनोज गोयल एवं हेमंत गोयल उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की और समाज को एकजुट रखने का संकल्प दोहराया।



