




ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में अग्रवाल समाज समिति की आम सभा की बैठक संरक्षक एवं विधायक गणेश राज बंसल के सानिध्य में हुई। आम सभा की अध्यक्षता समिति के संरक्षक मथुरादास बंसल ने की। बैठक में समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने संगठन की मजबूती और भविष्य की योजनाओं पर गंभीर चर्चा की।
बैठक में विधायक गणेश राज बंसल और मथुरादास बंसल के साथ अमरचंद सिंघल, जगदीश अग्रवाल, डॉ. कपूरी लाल गर्ग, अमृतलाल सिंगला, अशोक गर्ग, रमेश बलाडिया, रमेश गर्ग और देवेंद्र अग्रवाल विशेष रूप से मौजूद रहे। वक्ताओं ने समाज की एकता, सेवा भावना और संगठित प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक क्षेत्रों में सकारात्मक भूमिका निभा सकता है।
आम सभा के दौरान गत वर्ष का आय-व्यय विवरण अध्यक्ष सुभाष बंसल, सचिव रविंदर डालमिया और कोषाध्यक्ष प्यारेलाल बंसल ने सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। सदस्यों ने लेखा-जोखा पर विस्तार से चर्चा की। चर्चा के बाद सदन ने बहुमत से आय-व्यय विवरण को पारित कर दिया। सदस्यों ने समिति की पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन की सराहना की।
इसके पश्चात गत कार्यकाल में समाज हित में किए गए कार्यों को ध्यान में रखते हुए सदस्यों ने सर्वसम्मति से सुभाष बंसल को दूसरी बार अग्रवाल समाज समिति का अध्यक्ष चुना। अध्यक्ष के पुनः निर्वाचन पर सभा में तालियों की गूंज सुनाई दी। सदस्यों ने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समिति समाज सेवा के कार्यों को और गति देगी।
इसी क्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर इंजीनियर रविंदर कुमार गर्ग, उपाध्यक्ष पद पर अनिल बंसल, सचिव पद पर तरसेम जिंदल, उपसचिव पद पर महावीर बंसल, कोषाध्यक्ष पद पर आशीष गोयल, प्रचार मंत्री पद पर मुकेश मित्तल, विधि मंत्री पद पर दिनेश गुप्ता और संगठन मंत्री पद पर सुरेश मित्तल को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को समाज के वरिष्ठजनों ने बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
पूर्व सचिव अमरनाथ सिंगला ने अपने विचार रखते हुए कहा कि अध्यक्ष सुभाष बंसल के नेतृत्व में समिति ने समाज हित में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने शिक्षा, सेवा और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में किए गए प्रयासों की प्रशंसा की और नई कार्यकारिणी से इसी तरह सक्रिय और संवेदनशील बने रहने का आह्वान किया।
बैठक में वक्ताओं ने युवाओं को संगठन से जोड़ने, जरूरतमंद परिवारों की सहायता, शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं को विस्तार देने और सामाजिक आयोजनों को और सशक्त बनाने पर विचार साझा किए। इस अवसर पर देवेंद्र अग्रवाल, पत्रकार मनोज गोयल, गौरव जैन, सुनीता अग्रवाल, विजय बंसल, जगदीश अग्रवाल, सतीश गोयल, सुभाष गर्ग, योगेश बलाडिया और कपिल बंसल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
आम सभा का मंच संचालन मुकेश मित्तल ने किया। समिति के निर्विरोध गठन में समाज के वरिष्ठजनों के साथ देवेंद्र अग्रवाल का विशेष सहयोग रहा। बैठक में महिला उपसमिति की अध्यक्षा मिताली अग्रवाल और उनकी कार्यकारिणी तथा युवा समिति के अध्यक्ष रूपेश गर्ग और उनकी पूरी टीम द्वारा समाज हित में किए गए सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों की सराहना की गई।
अंत में अध्यक्ष सुभाष बंसल ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समिति सभी को साथ लेकर समाज सेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाएगी और अग्रवाल समाज की एकता को और मजबूत करेगी।



