




ग्राम सेतु ब्यूरो.
जब ट्रिगर पर उंगली टिकती है, सांस थमती है और आंखें लक्ष्य पर जम जाती हैं? तभी असली निशानेबाजी शुरू होती है। हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर कुछ ऐसा ही दृश्य देखने को मिला, जब आधुनिक तकनीक, अंतरराष्ट्रीय मानकों और अनुशासन की त्रिवेणी के साथ ‘अस्त्रवीर शूटिंग रेंज’ का विधिवत उद्घाटन किया गया। यह उन युवाओं के सपनों की प्रयोगशाला है, जो 10 मीटर और 50 मीटर राइफल शूटिंग में माइक्रो-एंगल सटीकता, ट्रिगर कंट्रोल और बॉडी-बैलेंस जैसे तकनीकी कौशल को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाना चाहते हैं।
उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गुरु द्रोणाचार्य अवार्डी आर. डी. सिंह रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में होमगार्ड कंपनी कमांडर हरीश चमौली, टांटिया विश्वविद्यालय से विश्व योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगगुरु लेफ्टिनेंट संदीप कुमार भांभू, डॉ. अनुराग बिस्सू, रविकांत यादव और अजय कुमार ने शिरकत की।

अतिथियों ने संयुक्त रूप से कहा कि यह शूटिंग रेंज हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर क्षेत्र की पहली ऐसी सुविधा है, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप शूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराया गया है। रेंज में 10 मीटर और 50 मीटर राइफल शूटिंग के लिए उच्च गुणवत्ता वाले टारगेट सिस्टम, सटीक बैकस्टॉप, नियंत्रित प्रकाश व्यवस्था और शूटिंग लेन का ऐसा डिज़ाइन तैयार किया गया है, जिससे खिलाड़ियों को पेशेवर प्रतियोगिता जैसा अनुभव मिलेगा।
तकनीकी सुरक्षा और अनुशासन पर विशेष जोर देते हुए रेंज में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि सुरक्षा के साथ-साथ प्रशिक्षण में अनुशासन भी सुनिश्चित रहे। अतिथियों ने कहा कि शूटिंग जैसे सूक्ष्म तकनीकी खेल में सुरक्षा, माइंड-कंट्रोल और रूटीन सबसे अहम होते हैं, और यह रेंज इन तीनों कसौटियों पर खरी उतरती है।
रेंज में अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी और प्रशिक्षित प्रशिक्षकों द्वारा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन दिया जाएगा। भारतीय शूटिंग टीम के पूर्व कोच, ओलंपिक खिलाड़ी और एशियन चैंपियन पी. टी. रघुनाथ ने कहा कि वे आवश्यकता अनुसार खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने बताया कि 50 मीटर राइफल शूटिंग में बॉडी-पोश्चर, सांस की लय और ट्रिगर रिलीज़ की टाइमिंग निर्णायक होती है, और यहां वही तकनीकी बारीकियां सिखाई जाएंगी।
कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से जुड़े उत्तराखंड के पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा, जो पद्मश्री ओलंपियन जसपाल राणा के पिता हैं, ने कहा कि इस रेंज से क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतरीन अवसर मिलेगा और उन्हें बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ेगा।
अंतरराष्ट्रीय ज्यूरी सदस्य एवं राजस्थान स्कूल शूटिंग टीम के पूर्व प्रशिक्षक अखिलेश प्रताप सिंह शेखावत (बीकानेर) ने कहा कि अब तक बीकानेर संभाग के खिलाड़ियों को 50 मीटर राइफल शूटिंग के अभ्यास के लिए अन्य शहरों या राज्यों का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। अस्त्रवीर शूटिंग रेंज के शुरू होने से यह समस्या समाप्त होगी।
करणी शूटिंग रेंज, अजमेर के चीफ कोच मनोज शर्मा, पुलिस खेलकूद में राष्ट्रीय पदक विजेता, उत्तराखंड पुलिस के उप निरीक्षक आनंद सिंह रावत तथा भारतीय सेना में हवलदार जगमीत सिंह ने इस पहल को क्षेत्र के खेल विकास के लिए एक बड़ा कदम बताया। सभी ने विश्वास जताया कि आर. डी. सिंह के मार्गदर्शन में यह रेंज भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करेगी।
राजस्थान शिक्षा विभाग के मास्टर ट्रेनर और राष्ट्रीय पदक विजेता शारीरिक शिक्षक मनीष शर्मा ने खिलाड़ियों को निशुल्क मार्गदर्शन देने का भरोसा दिलाया। रेंज की डायरेक्टर किरण ज्योति और संरक्षक जसवंत सिंह भादू ने कहा कि ‘अस्त्रवीर शूटिंग रेंज’ का उद्घाटन न केवल हनुमानगढ़, बल्कि पूरे श्रीगंगानगर और आसपास के क्षेत्र के लिए एक नई शुरुआत है। यह मंच युवाओं को तकनीक, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के बल पर अपने सपनों को साकार करने का अवसर देगा।






