हनुमानगढ़ पहुंचे किसान आयोग अध्यक्ष, किसानों को लेकर क्या बोले ?

ग्राम सेतु ब्यूरो.
भाजपा प्रबुद्धजन प्रकोष्ठ की बैठक हनुमानगढ़ जिला कार्यालय में हुई। संभाग प्रभारी एवं किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक, जिला प्रभारी अखिलेश प्रताप सिंह, जिला महामंत्री विकास गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने बतौर अतिथि शिरकत की। अध्यक्षता प्रबुद्धजन प्रकोष्ठ के जिला संयोजक लालचंद कोचर ने की। बैठक में समाज के प्रबुद्धजन, चिकित्सक, इंजीनीयर, प्रोफेसर, शिक्षक सहित अन्य प्रबुद्धजन वर्ग के लोग भी मौजूद थे।


किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी ने कहा कि देश में विपक्ष राष्ट्र के विकास के लिए अपनी भूमिका सही निभाए तो पीएम मोदी तैयार हैं। सीआर चौधरी ने कहा कि राजस्थान में उपचुनाव है। इसके लिए भाजपा तैयार है। प्रदेश के किसानों व पशुपालकों के सर्वागीण विकास के लिए कटिबद्धता व्यक्त करते हुए किसानों के ‘‘एज ऑफ लिविंग‘, आय में वृद्धि और बुआई से लेकर बेचान तक उत्पादन में होने वाली छीजत को रोकने से सम्बन्धित विषयों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होने संगठन के लिए तत्परता से कार्य करने और केंद्र और राज्य सरकार की हर योजना से आम नागरिकों को लाभान्वित करने की बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की ओर अग्रसर है, सरकार किसानों के हित को लेकर बड़े कार्य कर रही है। शीघ्र ही जनता के सामने होंगे, इसमें किसानों से अनाज एमएसपी दर पर बड़े स्तर पर खरीद किया जाएगा, क्योंकि किसान खुश रहेगा तो देश में खुशहाली आएगी। उन्होने किसान कल्याण के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं का भी बखान किया।


भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र पारीक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार तरक्की कर रहा है। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने सबसे पहले भ्रष्टाचार खत्म किया। कांग्रेस शासनकाल में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि लाभार्थी को केंद्र से 1 रूपया भेजने पर 15 पैसा ही मिलता है, लेकिन आज मोदी जी के प्रयासों से हितग्राही के खाते में पूरा 1 रूपया पहुंच रहा है। देश की अर्थव्यवस्था को मोदी ने 10वें पायदान से विगत दस वर्षों में 5वें स्थान पर लाकर खड़ा कर दिया है और अब इसे तीसरे पायदान पर ले जाना है। देश में मोदी के शासन में आज हर क्षेत्र में विकास के जो काम हो रहे है, वह जनता के विचारों से हो रहे है। इससे देश की जीडीपी आज 8.5 प्रतिशत हो गई है। रक्षा क्षेत्र हो, रेलवे हो या अन्य क्षेत्र सभी में भारत की भागीदारी बढ़ती जा रही है।


भाजपा जिला महामंत्री विकास गुप्ता ने कहा कि प्रबुद्धजन वर्ग समाज का नेतृत्व करने वाला और समाज को सही दिशा प्रदान करने वाला वर्ग है। देश की भावी पीढ़ी को उचित मार्गदर्शन करने के लिए प्रबुद्धजन को तत्पर रहना चाहिए।
जिला संयोजक लालचंद कोचर ने कहा कि मोदी जी ने 2047 तक विकासशील भारत को विकसित बनाने की गारंटी दी है। वर्ष 2014 में जिस विश्वास के साथ सभी ने देश की बागडोर मोदी जी को सौंपी थी, उस पर वह खरे उतरे है। आज देश के साथ प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है।


इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अश्विनी नारंग, प्रमोद डेलू, जिला मंत्री हेतराम वर्मा, जसवीर मान, विनोद जोशी, विक्रम कम्बोज, जिला कोषाध्यक्ष ओम आसोपा, मीडिया प्रभारी महेश शर्मा, सोशल मीडिया जिला सह संयोजक प्रवीण कटारिया, मण्डल अध्यक्ष प्रकाश तंवर, विकास शर्मा, महेन्द्र सिंह राठौड़, फुसाराम गोस्वामी, बसंत शर्मा, अरविन्द लखासर, धर्मपाल मान, गिरधारीलाल टाक, उत्तम सिंह राठौड़, जगदीश सोनी, मण्डल महामंत्री कपिल महला, राम कुक्कड़, गजेन्द्र सिंह राठौड़, इन्द्र निनानियां, विजय सिंह, संगरिया से चरणदास गर्ग सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *