


ग्राम सेतु डेस्क.
भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर सेमलाना क्षेत्र की पक्की लाइनों के लिए 325 करोड़ की राशि का प्रावधान एवं स्वीकृति प्रदान करने पर आभार जताया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 42 आर.डी. से 158 आर.डी. तक का भाग अब तक पक्का नहीं हो पाया है, जिसके कारण लगातार जल प्रवाह होने से आसपास के खेतों में पानी भर जाता है। इससे हजारों किसानों की भूमि बंजर हो गई है और फसलों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।

पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने चीफ इंजीनियर के माध्यम से सीएम को भेजे पत्र में उल्लेख किया है कि सेमलाना की यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है, और जल की बर्बादी के साथ-साथ सिंचाई व्यवस्था भी बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि जीडीसी (सेमलाना की गंग नहर शाखा) की शेष लाइनों का पक्का निर्माण शीघ्र किया जाए तो किसानों को राहत मिल सकेगी और जल का सक्षम उपयोग सुनिश्चित किया जा सकेगा। बिश्नोई ने उम्मीद जताई है कि मुख्यमंत्री इस मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र आवश्यक राशि का प्रावधान करेंगे।



