





ग्राम सेतु डॉट कॉम.
भाजपा नेता विकास गुप्ता को हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड का हनुमानगढ़ जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। प्रदेशाध्यक्ष एवं राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के निर्देश पर हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड राजस्थान के राज्य मुख्य आयुक्त एवं शासन सचिव (शिक्षा) कृष्ण कुणाल एवं हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड राजस्थान के राज्य सचिव नरेंद्र औदिच्य ने यह नियुक्ति दी है। दरअसल, हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स, भारत में एक स्वैच्छिक, गैर-राजनीतिक, शैक्षिक आंदोलन है, जो युवाओं को विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विकसित करने का काम करता है. यह संगठन, सभी के लिए खुला है, बिना किसी भेदभाव के, और इसका उद्देश्य है युवाओं को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाना। इसकी स्थापना साल 1907 में लॉर्ड बेडेन पॉवेल ने की थी। इसका खास उद्देश्य युवाओं को अनुशासित, देशभक्त और सेवाभावी नागरिक बनाना है। स्काउटिंग और गाइडिंग, सामाजिक सेवा, आपदा प्रबंधन, और जागरूकता कार्यक्रम इसकी खास गतिविधियां हैं।
काबिलेगौर है कि विकास गुप्ता आरएसएस के स्वंयसेवक हैं और बजरंग दल में अरसे तक जिम्मेदारी का निर्वहन किया। बहरहाल वे भाजपा जिला उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने अपनी नियुक्ति पर षिक्षा मंत्री मदन दिलावर, राज्य मुख्य आयुक्त कृष्ण कुणाल एवं सचिव नरेंद्र औदिच्य का आभार व्यक्त किया। विकास गुप्ता ने विश्वास दिलाया कि वे संगठन की मूल भावना ‘मानव सेवा से ईश्वर की ओर’ के अनुरूप कार्य करते हुए स्काउट और गाइड को प्रेरित करने का कार्य करेंगे। साथ ही हिंदुस्तान स्काउट एंड गाइड के अधिनियमों सत्यनिष्ठा, कर्तव्यनिष्ठा, मैत्री, दया, प्रसन्नता, पवित्रता, एकता एवं अनुशासन के आधार पर ईश्वर एवं राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेंगे।





