

ग्राम सेतु डॉट कॉम.
हनुमानगढ़ में भाजपा नेताओं ने जिले की विभिन्न सार्वजनिक समस्याओं व किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर जिला कलक्टर को दो महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपे। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा नेता अमित चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई, जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, मण्डल अध्यक्ष लूणाराम गोदारा, हरीप्रकाश सिंवर, मण्डल अध्यक्ष बलराज मान, साहिल बलाडिया सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल थे।
पूर्व जिलाध्यक्ष बलवीर बिश्नोई ने किसानों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा जिले के 90 गांवों को अभावग्रस्त घोषित कर राहत व मुआवजा राशि स्वीकृत करना सराहनीय कदम है। बिश्नोई ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने मांग रखी कि गांव मैनावाली के चक 4 एमडब्ल्यूएमए, 5 एमडब्ल्यूएमए, 5 एमडब्ल्यूएमबी और 6 एमडब्ल्यूएम को भी अभावग्रस्त क्षेत्र में शामिल किया जाए, क्योंकि इन क्षेत्रों में भी फसलों को भयंकर नुकसान हुआ है और किसान आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं।

उन्होंने जिला प्रशासन का ध्यान किसानों की विशेष गिरदावरी में बरती गई लापरवाहियों की ओर भी आकर्षित किया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि कुछ स्थानों पर गिरदावरी सही तरीके से नहीं की गई, जिससे वास्तविक नुकसान किसानों को नुकसान का उचित आकलन नहीं मिल पाया। बिश्नोई ने मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को यह मांग सौंपी कि ऐसी लापरवाही बरतने वाले संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ उचित कार्यवाही की जाए और प्रभावित किसानों की फसलों का पुनः सर्वे कर सही मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।

दूसरे ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने नौरगदेसर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा किसानों को राहत देने संबंधी मांगों पर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। भाजपा नेताओं ने नौरगदेसर में स्थित पेयजल आपूर्ति की मुख्य डिग्गी को पक्का करवाने तथा उसकी नियमित सफाई करवाने की मांग उठाई। उन्होंने बताया कि वर्तमान में डिग्गी कच्ची होने के कारण पानी का रिसाव, गंदगी और रखरखाव की समस्या बनी रहती है, जिससे पेयजल की गुणवत्ता प्रभावित होती है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार शिकायतें की हैं, लेकिन व्यवस्था में ठोस सुधार नहीं हुआ। नेताओं ने जिला कलक्टर से आग्रह किया कि संबंधित विभाग को तुरंत आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जाएं ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सके।

भाजपा नेताओं ने कहा कि जनता से जुड़े इन दोनों मुद्दों का शीघ्र समाधान आवश्यक है। जहां एक ओर पेयजल व्यवस्था लोगों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से सीधे जुड़ी समस्या है, वहीं दूसरी ओर गिरदावरी और मुआवजा किसानों की आर्थिक सुरक्षा से संबंधित बेहद संवेदनशील विषय है। दोनों ही मामलों पर त्वरित कार्रवाई से जनता को राहत मिलेगी और प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत होगा।


