

ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़ में विकास की नब्ज़ टटोलते हुए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओपी बिश्नोई ने पंचायत समिति नोहर की ग्राम पंचायत मेघाना और दलपतपुरा का ज़मीनी निरीक्षण किया। बात सिर्फ़ फ़ाइलों तक सीमित न रहे, इसलिए उन्होंने हर काम को मौके पर जाकर परखा, और जहां गड़बड़ी मिली, वहीं सख्त निर्देश भी दे डाले। मेघाना में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों को देखकर उन्होंने विकास अधिकारी को साफ कहा कि पूर्ण आवासों की अंतिम किस्त बिना देरी जारी की जाए। ग्राम पंचायत कार्यालय में जब कम्प्यूटर ऑपरेटर लम्बे समय से बिना अवकाश मुख्यालय से गायब मिला तो उसकी सेवा समाप्त करने के निर्देश तुरंत दे दिए, सरकारी तंत्र में ढिलाई चलने नहीं दी जाएगी, यह संदेश साफ था।

ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निम्न गुणवत्ता वाले निर्माण की शिकायत रखी, जिस पर अधिकारी ने स्वयं मौका निरीक्षण कर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने के निर्देश दिए। सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए उन्होंने नालियों की सफाई, समय पर कचरा उठाने और ठोस कचरा संग्रहण केंद्र को सक्रिय रूप से संचालित करने के आदेश भी दिए। श्याम मंदिर से गोगामेड़ी तक कच्ची गली और नालियों की मांग पर सीईओ ओपी बिश्नोई मौके पर पहुंचे और विकास अधिकारी को गली व नाली निर्माण के साथ आवश्यकता अनुसार सोखपिट बनाने के निर्देश दिए।

दलपतपुरा पहुंचकर उन्होंने ग्राम पंचायत भवन व अटल सेवा केंद्र की मरम्मत व रंग-रोगन, सामुदायिक शौचालय की साफ-सफाई और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को निर्धारित समय में मकान निर्माण पूरा करने का आह्वान किया। गांव की प्रवेश सड़क के दोनों ओर फैले कचरे और गलियों में जमा गंदे पानी को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और तत्काल सफाई, नाली निर्माण, सोखपिट निर्माण एवं प्रवेश मार्ग पर वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण में विकास अधिकारी, पंचायत समिति नोहर और ग्राम पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे दौरे ने यह साफ कर दिया कि जिला प्रशासन अब केवल योजनाओं की घोषणा नहीं, बल्कि ज़मीनी क्रियान्वयन पर पैनी नज़र रखे हुए है, और लापरवाही पर कोई छूट नहीं मिलने वाली।

