




भटनेर पोस्ट न्यूज सर्विस.
फागुन की खुशबू और होली के रंगों के बीच अग्रवाल समाज समिति, हनुमानगढ़ जंक्शन एक बार फिर सामाजिक एकता और सांस्कृतिक उल्लास का संदेश देने जा रही है। एक मार्च को महाराजा अग्रसेन भवन में प्रस्तावित फागुन मिलन महोत्सव न सिर्फ मनोरंजन का उत्सव होगा, बल्कि समाज को जोड़ने वाला एक पारिवारिक संगम भी बनेगा। डांडिया, भजन संध्या, फूलों की होली और वृंदावन की रासलीला जैसे आकर्षक कार्यक्रमों के साथ यह आयोजन फागुन की उमंग को पूरे वैभव के साथ जीवंत करेगा।
आयोजन की तैयारियों के संबंध में समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक अग्रवाल समाज समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल की अध्यक्षता में हुई। इसमें कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई तथा सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
अध्यक्ष सुभाष बंसल ने कहा कि फागुन मिलन महोत्सव समाज की एकता, आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को सुदृढ़ करने का माध्यम है। इस आयोजन का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर पारिवारिक वातावरण में उत्सव मनाना है। कार्यक्रम में विशेष रूप से डांडिया, आकर्षक उपहार, भजन संध्या, फूलों की होली एवं वृंदावन की रासलीला आकर्षण का केंद्र रहेगी। उन्होंने सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
प्रचार मंत्री मुकेश मित्तल ने बताया कि कार्यक्रम में विधायक गणेश राज बंसल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में पीलीबंगा एसडीएम उमा मित्तल, बीएसएनएल एजीएम अश्वनी गर्ग, समाजसेवी राजकुमार बंसल एवं डॉ. पीसी बंसल शामिल होंगे। इसके अतिरिक्त भजन गायक दीपक गर्ग, डांडिया स्पेशलिस्ट दीपाली यादव और ईशु जुनेजा विशेष आमंत्रित कलाकार के रूप में अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
बैठक में आयोजन की व्यवस्थाओं जैसे सजावट, स्वागत, सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रसाद वितरण, मंच संचालन एवं अनुशासन व्यवस्था को लेकर अलग-अलग समितियों का गठन किया गया। प्रत्येक सदस्य को उनकी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से समझाई गई ताकि कार्यक्रम सुव्यवस्थित और यादगार बन सके।
समिति अध्यक्ष सुभाष बंसल ने समाज के लोगो से अपील की है कि उक्त आयोजन में पहुंचकर कर्यक्रम को सफल बनाएं। बैठक में अध्यक्ष सुभाष बंसल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.के. गर्ग, उपाध्यक्ष अनिल बंसल, सचिव तरसेम जिंदल धोलीपाल, उपसचिव महावीर बंसल, प्रचार मंत्री मुकेश मित्तल, कोषाध्यक्ष आशीष गोयल, विधि मंत्री दिनेश गुप्ता, संगठन मंत्री सुरेश मित्तल, मनोनीत सदस्य सुभाष मित्तल व सुदेश गोयल मौजूद थे।








