



ग्राम सेतु डेस्क.
जाट समाज में शिक्षा, विशेषकर बेटियों की उच्च शिक्षा को नई दिशा देने के उद्देश्य से जिला जाट समाज समिति हनुमानगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक जाट भवन में आयोजित की गई। बैठक में जाट कन्या छात्रावास और जाट भवन में प्रस्तावित नवनिर्माण कार्यों को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ और समाज के विकास से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। जिलाध्यक्ष इंदरपाल रणवा की अध्यक्षता में जाट भवन में हुई बैठक की शुरुआत समाज के उत्थान के लिए अब तक किए गए प्रयासों की समीक्षा के साथ हुई। इसमें शिक्षा के विस्तार, सामुदायिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने और भावी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष इंदरपाल रणवा ने कहा कि समाज की बेटियों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना समिति की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित जाट कन्या छात्रावास के निर्माण से दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिलेगा, जिससे वे बिना किसी बाधा के उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी। उन्होंने सभी सदस्यों से इस पुनीत कार्य में सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
बैठक में जाट भवन हनुमानगढ़ में आवश्यक नवनिर्माण और विकास कार्यों पर भी विचार किया गया। सदस्यों ने भवन की सुविधाओं को और बेहतर बनाने तथा संरचनात्मक सुधारों को लेकर अपने सुझाव रखे। इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। बैठक का विशेष आकर्षण महाराजा सूरजमल जाट सेवा समिति, पीलीबंगा के पदाधिकारियों का जाट भवन आगमन रहा। जिला जाट समाज समिति की ओर से उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। दोनों संगठनों के पदाधिकारियों के बीच आपसी समन्वय, सहयोग और भविष्य की योजनाओं को लेकर सकारात्मक संवाद हुआ।
इस अवसर पर पीलीबंगा क्षेत्र में जाट भवन के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने को लेकर भी चर्चा की गई। महाराजा सूरजमल जाट सेवा समिति के पदाधिकारियों ने पीलीबंगा में जाट समाज के लिए भवन निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया और विभिन्न संभावनाओं पर अपने विचार साझा किए। बैठक में उपस्थित सदस्यों ने इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए संयुक्त प्रयासों से इसे साकार करने पर सहमति जताई।
अंत में जिलाध्यक्ष इंदरपाल रणवा ने सभी उपस्थित सदस्यों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज की एकता, सहयोग और सामूहिक प्रयासों से ही ऐसे विकास कार्य संभव हैं।
बैठक में जिलाध्यक्ष इंदरपाल रणवा, जाट भवन अध्यक्ष अनिल थोरी, प्रवीण गोदारा, वेद डोटासरा, संरक्षक घनश्याम भादू, जयप्रकाश गोदारा, त्रिलोक सहारण, पृथ्वी गोदारा, रघुवीर गोदारा, प्रेम महिया, कृष्ण चोटिया, अजय रेवाड़, महावीर रणवा, रवि चोटिया, अनिल चोटिया, देवदत्त भिडासरा, रामकुमार सहारण, ओम देग, कपिल सहारण, पीलीबंगा अध्यक्ष राजेंद्र झोरड़, जगदीश सहारण, तनुज मांझू, बजरंग जांगू, राकेश भांभू सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।




