पुरातन सभ्यता और संस्कृति का बोध करवाते हैं संस्कृत और वेद, क्यों बोले ब्रह्मचारी श्रीकल्याण स्वरूप महाराज ?

ग्राम सेतु डॉट कॉम.
हनुमानगढ़ जिले के गोलूवाला शिव मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट 45 एलएलडब्ल्यू भोलेवाला हेड द्वारा श्री महादेव संस्कृत वेद पाठशाला का उद्घाटन एवं प्रवेशोत्सव समारोह का आयोजन असहाय गो सेवा सदन गौशाला में किया गया। मुख्य अतिथि धर्म संघ संस्कृत महाविद्यालय के संचालक ब्रह्मचारी श्रीकल्याण स्वरूप महाराज ने कहा कि संस्कृत और वेद भारत की सभ्यता और संस्कृति का ज्ञान कराते हैं। वर्तमान समय में संस्कृत वेद का ज्ञान होना बहुत आवश्यक है। जैसे-जैसे युवा संस्कृत भाषा का और वेद पुराण का अध्ययन करेंगे वैसे ही उनमें व्यक्तित्व का विकास होगा और वे आगे चलकर समाज को एक नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे तथा राष्ट्र के निर्माण में और उन्नति में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे। प्राचीन समय में शिक्षा गुरुकुलों के माध्यम से दी जाती थी तो हमारा समाज बहुत ही स्वस्थ था जैसे-जैसे गुरुकुलों मैं शिक्षा का प्रचलन कम हुआ और पाश्चात्य संस्कृति अपनानी शुरू की। वैसे ही हमारे परिवारों का पतन होना शुरू हो गया। इसलिए चाहिए कि युवाओं को पुरातन गुरुकुल परंपरा अपना कर समाज में राष्ट्र निर्माण की भावना विद्यमान करनी होगी।
विशिष्ट अतिथि शिक्षा विद आचार्य शिवदयाल शास्त्री ने कहा कि प्राचीन काल से ही संस्कृत और वेद का ज्ञान भारतीय संस्कृति का हिस्सा माना जाता था। लेकिन आधुनिकता की दौड़ में हम हमारी मूल सभ्यता और संस्कृति को भूलने लगे हैं जिससे समाज का दोहन हो रहा है। ऐसे में यह संस्कृत गुरुकुल पाठशाला आने वाले समय में एक बेहतरीन शिक्षा का केंद्र साबित होगी। उन्होंने कहा कि गुरुकुल जब थे तो संस्कृतियों जिंदा थी, प्रेम, वैभव और भाईचारा कायम था। आज सांस्कृतिक प्रदूषण इतना अधिक बढ़ गया है ऐसे में इस गुरुकुल पाठशाला की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता असहाय गो सेवा सदन गौशाला के संस्थापक और शिव मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट के संचालक 108 निर्वाण बाबा गोविंदानंद उदासीन ने की। उन्होंने कहा कि मैंने जीवन में तीन संकल्प लिए थे जिसमें पहले गौशाला का निर्माण, दूसरा नंदी शाला का निर्माण और तीसरा संकल्प संस्कृत वेद पाठशाला का निर्माण जो कि आज पूरा हो गया है। शिव मंदिर चैरिटेबल ट्रस्ट के कार्यकारी अध्यक्ष वेदपाल ने आए हुए महानुभावों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन शिव मंदिर चौरिटेबल ट्रस्ट के उप सचिव सामाजिक कार्यकर्ता दलीप वर्मा ने किया।
कार्यक्रम के दौरान ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आत्माराम गोदारा, उपाध्यक्ष रोहिताश स्वामी, रजीराम महला, अनंत कुमार शर्मा, तेजपाल मीणा, लीलाधर रॉयल, ग्राफिक डिजाइनर जयप्रकाश वर्मा, साइबर एक्सपर्ट गोविंद रॉयल, भारत भूषण, राय सिंह कुंडल, रणवीर गोस्वामी, सुनील कुमार, ओमप्रकाश खालिया सहित सैकड़ो लोग मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *