




ग्राम सेतु ब्यूरो.
नई दिल्ली स्थित पूसा इंस्टीट्यूट के मेला ग्राउंड में कृषि जागरण संस्थान द्वारा आयोजित मिलेनियम फार्मर ऑफ इंडिया अवार्ड 2025 कार्यक्रम में हकीकत राजस्थान, हनुमानगढ़ को उत्कृष्ट नेचुरल फार्मिंग के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष भगवान सिंह खुड़ी के साथ राकेश गोदारा, कमलजीत सिंह, प्रेम महिया और राहुल शर्मा को भी सम्मान प्रतीक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सम्मान वितरण मिस्टर रिकी थापर (जॉइंट सेक्रेटरी, पोल्ट्री फेडरेशन ऑफ इंडिया) और अलयोना वासयुनिना (डायरेक्टर, इंटरनेशनल अफेयर एंड कॉरपोरेशन, प्रो याबलोको, रूस) द्वारा किया गया।
कृषि जागरण संस्थान के फाउंडर चीफ एम. सी. डोमिनिक और मैनेजिंग डायरेक्टर शाइनी डोमिनिक के नेतृत्व में आयोजित यह भव्य समारोह देशभर के किसानों, वैज्ञानिकों और कृषि क्षेत्र से जुड़े संगठनों के लिए प्रेरणास्रोत बना। मंच पर उपस्थित अतिथियों ने प्राकृतिक खेती के महत्व, जल संरक्षण, मृदा उर्वरता वृद्धि और टिकाऊ कृषि प्रणाली पर जोर देते हुए इसे भविष्य की खेती का मजबूत आधार बताया।
हकीकत राजस्थान के अध्यक्ष भगवान सिंह खुड़ी ने कहा कि यह पुरस्कार केवल संस्था का नहीं, बल्कि उन 3000 उपभोक्ताओं का है जिन्होंने हकीकत परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर हर कदम पर सहयोग दिया। उन्होंने बताया कि संस्था की स्थापना स्वर्गीय ओम प्रकाश मांझू द्वारा बोए गए बीज से हुई थी, जो आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले चुकी है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का उनका संकल्प आज हजारों उपभोक्ताओं व सेकड़ो किसानों के लिए प्रेरणा बन चुका है। संस्था के कार्यों में प्राकृतिक खाद और जैविक तरीकों को अपनाना, रसायन मुक्त खेती को बढ़ावा देना, मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने के नवीन मॉडल विकसित करना और किसानों को प्रशिक्षण प्रदान करना शामिल है। हकीकत संस्था ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान देशभर से आए किसानों ने हकीकत संस्था की उपलब्धियों और उनके मॉडल को सराहते हुए प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करने पर उन्हें बधाई दी। यह सम्मान संस्था के लिए प्रेरणा तो है ही, साथ ही प्राकृतिक खेती को राष्ट्रीय स्तर पर एक आंदोलन के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी है।




