



ग्राम सेतु डेस्क
सशक्त नारी संस्थान हनुमानगढ़ की ओर से दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर गांव समंदनगर स्थित राजकीय सीनियर सेकंडरी स्कूल में कंजक पूजन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष मित्ताली अग्रवाल के नेतृत्व में समिति सदस्यों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान छोटी-छोटी बालिकाओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानते हुए विधिवत पूजन किया गया। सबसे पहले कंजकों के चरण धोकर उनका स्वागत किया गया, तत्पश्चात उन्हें माता की चुनरी ओढ़ाई गई और उनके हाथों में मेहंदी लगाकर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान पूरे वातावरण में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
मित्ताली अग्रवाल ने बताया कि नवरात्रि के दिनों में कंजक पूजन का विशेष महत्व होता है। यह न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि समाज में बालिकाओं के सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि बालिकाएं समाज की नींव हैं और उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है।
सदस्यों ने कंजकों को भोजन भी करवाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। भोजन के बाद कंजकों को उपहार स्वरूप प्रसाद और अन्य सामग्री भी भेंट की गई। इस दौरान सभी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना की।
विद्यालय स्टाफ ने भी इस आयोजन की सराहना की और इसे सामाजिक समरसता तथा नारी सम्मान की दिशा में एक सकारात्मक पहल बताया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज में नारी सम्मान और जागरूकता का संदेश फैलाया जाएगा।
इस मौके पर संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट मिताली अग्रवाल, ममता मदान, श्वेता गोयल, डॉ. अंजू जुनेजा, श्वेता बब्बर, सिमरन कौर, संरक्षक दीपा डालमिया, डिंपल धूड़िया, नीतू कत्याल, नवीन, बबीता स्वामी, बिंदु सोनी, मिली पाठक, शिवानी स्वामी, कोषाध्यक्ष सीमा गुप्ता, उपाध्यक्ष निशा मित्तल, रिंकल गर्ग, अंजलि बंसल, अनीता गर्ग, रजनी शर्मा, स्नेहा जिंदल, सुजाता सुखानी मौजूद रहे।






