




ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल ने जिले में बरसाती जल के बेहतर उपयोग और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर मुख्यमंत्री से आग्रह किया है। उन्होंने इस आशय को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात कर घग्गर डायवर्जन चैनल (सेमनाला) में बहने वाले अतिरिक्त पानी के सदुपयोग का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने राज्य बजट में लिफ्ट योजना को स्वीकृति देने और इसके लिए आवश्यक बजट प्रावधान करने का आग्रह किया है।
विधायक बंसल ने बताया कि सामान्य दिनों में सेमनाला में 1000 क्यूसेक से अधिक पानी का बहाव रहता है। मानसून के दौरान यह मात्रा बढ़कर 3000 से 8000 क्यूसेक तक पहुंच जाती है। इतनी बड़ी मात्रा में पानी हर वर्ष बिना उपयोग के बह जाता है, जबकि आसपास के कृषि क्षेत्र सिंचाई जल की कमी से जूझते रहते हैं। किसानों को पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण कई बार फसलों का उत्पादन प्रभावित होता है।
विधायक ने सुझाव दिया कि सेमनाला के 42 आरडी के नीचे साइफन से गुजरने वाली जीजीआर नहर में इस अतिरिक्त पानी को लिफ्ट कर डाला जा सकता है। यह नहर आगे चलकर एसएसडब्ल्यू और एचएमएच नहरों से जुड़ती है। यदि इस योजना को अमल में लाया जाता है तो बड़ी मात्रा में कृषि भूमि को अतिरिक्त सिंचाई जल उपलब्ध कराया जा सकेगा। प्रस्ताव के अनुसार, इस योजना से एसएसडब्ल्यू नहर के 29.454 किलोमीटर क्षेत्र की 12,472 हेक्टेयर भूमि को लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त एचएमएच और एफटीजी नहरों के 5000 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र को भी सिंचाई के लिए अतिरिक्त पानी उपलब्ध हो सकेगा। इससे हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलने की संभावना है।
विधायक बंसल का कहना है कि पर्याप्त सिंचाई जल मिलने से क्षेत्र में कपास और धान जैसी फसलों की खेती को बढ़ावा मिलेगा। वर्तमान में पानी की कमी के कारण किसान सीमित क्षेत्र में ही इन फसलों की बुवाई कर पाते हैं। यदि अतिरिक्त पानी उपलब्ध होगा तो उत्पादन में वृद्धि होगी और किसानों की आय में भी इजाफा होगा। उन्होंने यह भी कहा कि बरसाती जल का समुचित उपयोग न केवल जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा, बल्कि इससे क्षेत्र की कृषि अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। पानी का बेहतर प्रबंधन भविष्य में जल संकट की स्थिति को कम करने में सहायक सिद्ध होगा।
प्रस्तावित लिफ्ट योजना की अनुमानित लागत लगभग 20 करोड़ रुपए बताई गई है। विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की जाए और राज्य बजट में इसके लिए आवश्यक राशि का प्रावधान किया जाए। उनका मानना है कि अपेक्षाकृत कम लागत में यह योजना बड़े क्षेत्र को लाभ पहुंचा सकती है। विधायक ने विश्वास जताया कि यदि सरकार सकारात्मक निर्णय लेती है तो आने वाले समय में हनुमानगढ़ जिले की सिंचाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। बरसात के अतिरिक्त पानी का सदुपयोग कर क्षेत्र को जल संकट से राहत दिलाई जा सकती है।







