
ग्राम सेतु ब्यूरो.
नागौर जिले का गांव गोगेलाव अचानक सुर्खियों में आ गया। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसी गांव में रात्रि विश्राम किया। भाजपा के ‘गांव चलो’ अभियान के तहत सीएम इस गांव में पहुंचे और गणेश सुथार परिवार के मेहमान बने। हालांकि उन्होने भोजन किया सुंदरलाल कंडारे वाल्मीकि के घर जाकर। मुख्यमंत्री ने रात्रि भोजन में बाजरा व गेहूं की मिक्सी रोटी, कैर-सांगरी की सब्जी, दाल व उबली हुई सलाद का आनंद लिया। मीठे में उन्होंने गुड़ खाया। भोजन के बाद वे गणेश सुथार के घर पहंुचे और वहीं पर विश्राम किया। सुबह उन्होने सुथार के मकान की छत पर ही मॉर्निंग वॉक की। गणेश सुथार के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने सुबह का नाश्ता लिया।
इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बीती रात गांव गोगेलाव पहुंचे। उन्होंने गांव के प्राचीन मंदिरों में जाकर धोक लगाई। गांव के पास स्थानीय मार्केट भी गए और वहां पर मिट्टी के बर्तन खरीदे।
गांव के सेठ मेघराज माणकचंद बोथरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सीएम की रात्रि चौपाल हुई। खाट पर बैठकर उन्होने लोगों से बातचीत की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हर उम्र के लोगों से अलग-अलग बातचीत की। ग्रामीणों में सीएम के आने से उत्साह देखा गया। उनका कहना था कि सीएम ने हर किसी को बोलने का मौका दिया, सबकी सुनी और समस्याओं के निराकरण के लिए तत्काल अधिकारियों को निर्देश दिए।