नारी सशक्तिकरण सिर्फ नारा नहीं, क्यों बोलीं जिला प्रमुख कविता मेघवाल ?

image description

ग्राम सेतु सोशल डेस्क.
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित वार्ड नंबर 3 नई खुंजा में प्रगतिशील महिलाओं का अभिनंदन किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। जिला प्रमुख कविता मेघवाल, प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय, राज्य कर अधिकारी नितिन चुघ और जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव मनोज बड़सीवाल ने बतौर अतिथि शिरकत की।
इस मौके पर लेखाधिकारी नीतू चुघ और मनीषा सिंगला को उनके बेहतरीन प्रशासनिक कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रमुख कविता मेघवाल ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों से बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं। महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक जरूरत है। महिलाएं शिक्षा, खेल, राजनीति, विज्ञान और प्रशासन सहित हर क्षेत्र में अपनी क्षमताओं को साबित कर रही हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सरकार और समाज को महिलाओं के अधिकारों और उनकी सुरक्षा के लिए और अधिक प्रयास करने चाहिए।
प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय ने कहा कि हनुमानगढ़ जिले की बेटियां शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रही हैं और अपने माता-पिता, विद्यालय और जिले का नाम रोशन कर रही हैं। जिले की महिला अधिकारियों ने प्रशासनिक तंत्र को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई है, जिससे यह साबित होता है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव मनोज बड़सीवाल ने भी महिलाओं की उपलब्धियों को सराहते हुए कहा कि हनुमानगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे राजस्थान में महिलाओं ने पुरुषों से आगे बढ़कर अपनी काबिलियत को सिद्ध किया है। उन्होंने महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और रोजगार के अवसरों को बढ़ाने पर विशेष जोर देने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में उपस्थित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी महिलाओं की उपलब्धियों और संघर्षशीलता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल घर की चारदीवारी तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि वे समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सम्मानित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने संघर्ष के दम पर यह मुकाम हासिल किया है और वे आगे भी समाज और देश के विकास के लिए कार्य करती रहेंगी।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण पर आधारित नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियां दीं। समारोह के अंत में अतिथियों ने महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर एएनएम अमृता चौधरी छात्रा तान्या बड़सीवाल एएनएम अनीता, वीना देवी विनोद, मीरा, कौशल्या देवी, रामकुमारी, माया देवी, गोशीया, ऊषा बानो विशाखा को बेहतरीन कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। रामस्वरूप भाटी रवि वर्मा, मनीष सेतिया, गगन गिल, शिवराज मान, करण नायक, मयंक नायक, नितिन गर्ग व पवन वर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *