विपरीत समय में प्रशासन का सहयोग करेगी परशुराम सेवा संस्था

ग्राम सेतु डेस्क.
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और संभावित युद्ध की आशंकाओं के मद्देनज़र ब्राह्मण समाज की अग्रणी सामाजिक संस्था परशुराम सेवा संस्था ने सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका निभाने का संकल्प जताया है। संस्था के पदाधिकारियों ने हनुमानगढ़ जिला कलेक्टर कानाराम से मुलाकात कर युद्ध जैसी किसी भी आपात स्थिति में हर संभव सहयोग प्रदान करने का विश्वास दिलाया। संस्था के संस्थापक अश्विनी पारीक ने बताया कि भारत-पाक तनाव के मौजूदा हालातों के दृष्टिगत यदि युद्ध जैसी स्थिति बनती है, तो हनुमानगढ़ जिले में रक्तदान शिविरों का आयोजन, जरूरतमंदों के लिए भोजन वितरण, अस्थाई आश्रय स्थलों की स्थापना, राहत सामग्री वितरण जैसे सेवा कार्यों के लिए संस्था पूरी तरह तैयार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि परशुराम सेवा संस्था हर परिस्थिति में जिला प्रशासन और आमजन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।
संस्था के संरक्षक सचिन कौशिक ने कहा कि यदि हालात गंभीर होते हैं तो संस्था प्रशासन द्वारा जारी दिशानिर्देशों का पालन करते हुए सुनियोजित ढंग से राहत कार्यों में जुटेगी। उन्होंने बताया कि संस्था के सभी सदस्य संचार, समन्वय और सेवाकार्य में पूर्ण समर्पण के साथ सहयोग करेंगे, ताकि जिले में किसी भी प्रकार की अफरा-तफरी, अफवाह अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ सदस्य अशोक व्यास, जसवीर शर्मा, गुरविंदर शर्मा और महेंद्र चतुर्वेदी सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर प्रशासन को आश्वस्त किया कि ब्राह्मण समाज की यह संस्था सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन में सदैव तत्पर है और आवश्यकता पड़ने पर हनुमानगढ़ जिला एकजुट होकर राष्ट्रहित में अपना कर्तव्य निभाएगा। प्रशासन ने संस्था के इस जनहितकारी प्रयास की सराहना करते हुए भविष्य में समन्वय बनाकर राहत कार्यों को गति देने की बात कही।

image description

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *