





ग्राम सेतु ब्यूरो.
पंचायतीराज एवं निकाय चुनाव समय पर नहीं कराए जाने के विरोध में ‘संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ’ अभियान के तहत जंक्शन स्थित जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में बैठक हुई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट तक रोष मार्च निकालकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। मुख्य अतिथि जिला प्रभारी पूसाराम गोदारा ने कहा कि पंचायत और निकाय चुनावों को बार-बार टालना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। स्थानीय निकाय लोकतंत्र की नींव होते हैं, और यदि समय पर चुनाव नहीं होंगे तो जनता का विश्वास कमजोर होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जन-जन तक पार्टी की विचारधारा पहुंचाने का आह्वान किया।
सहप्रभारी डॉ. सुनील लारा ने कहा कि सरकार जानबूझकर चुनावों में देरी कर रही है ताकि अपनी प्रशासनिक विफलताओं को छुपाया जा सके। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
लोकसभा सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि संविधान में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने का प्रावधान है, लेकिन वर्तमान सरकार इन संस्थाओं को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़ी रहेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि संगठन को मजबूत करना समय की आवश्यकता है। प्रत्येक कार्यकर्ता को गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करना होगा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल ने कहा कि ग्रामीण और शहरी स्तर पर विकास कार्य चुनाव नहीं होने के कारण प्रभावित हो रहे हैं। जनता को उनके प्रतिनिधि नहीं मिल पा रहे हैं, जिससे प्रशासनिक कार्यों में भी बाधा आ रही है।
संगरिया विधायक अभिमन्यु पुनिया ने कहा कि सरकार लोकतंत्र की मूल भावना के विपरीत कार्य कर रही है। सरकार जनता से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए चुनावों को टाल रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी व पीसीसी सदस्य भुपेन्द्र चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार जल्द चुनाव नहीं कराती है तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
बैठक के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कांग्रेस कार्यालय से जिला कलेक्ट्रेट तक रोष मार्च निकाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और चुनाव शीघ्र कराने की मांग की। एसडीएम मांगीलाल सुथार को ज्ञापन सौंपकर पंचायत एवं निकाय चुनाव जल्द कराने की मांग की गई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. सुरेश चौधरी, प्रवीणा मेघवाल, संजय मेघवाल, प्रेमराज नायक, बालचंद ज्याणी, पूर्व प्रधान जयदेव भीड़ासरा, दयाराम जाखड़, गुरदीप चहल, मनोज सैनी, इकरामुद्दीन कुरैशी, इशाक खान, राज चौधरी, अजय स्वामी, जयराम ढुकिया, मांगीलाल स्वामी, लोकेन्द्र भाटी, रूपचंद बामणिया, संतलाल मेघवाल, रणजीत किरोड़ीवाल, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष मनमोहन सोनी, सीताराम कड़वा, सुरेन्द्र मारवाल, महावीर सहारण, बृजलाल मीणा, विनोद बुडानिया, अश्विनी पारीक, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश्वरी शेर सिंह गोस्वामी, देवीलाल मटोरिया, बलवीर पीलीबंगा, सुधीर गोदारा , बनवारीलाल सुथार, वेदप्रकाश सिहाग, संदीप सिद्धू, जिनेन्द्र जैन बेबी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आमजन मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में लोकतंत्र की मजबूती के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।






