




ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़ जिले के संगरिया क्षेत्र के गांव शाहपीनी स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का परिसर गुरुवार को किसी उत्सव स्थल से कम नहीं दिखा। चेहरे पर मुस्कान, आंखों में संतोष और तालियों की गूंज के बीच जब मेधावी छात्राओं को मंच पर सम्मानित किया गया, तो पूरा माहौल गर्व से भर उठा। यह अवसर था ‘मेधावी छात्र सम्मान समारोह’ का, जहां मेहनत, अनुशासन और लगन को सार्वजनिक सम्मान मिला।
समारोह का मुख्य उद्देश्य बोर्ड परीक्षाओं एवं वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रोत्साहित करना था। विद्यालय प्रांगण में सजी सादगीपूर्ण लेकिन गरिमामय व्यवस्था ने यह स्पष्ट कर दिया कि यहां सम्मान केवल अंक का नहीं, बल्कि संस्कार और संघर्ष का हो रहा है।

कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत मुख्य अतिथि पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा भल्ला द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ की गई। जैसे ही दीप प्रज्वलित हुआ, वैसे ही छात्राओं के सपनों को भी मंच मिला।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं और 12वीं की उन छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय और जिले की मेरिट सूची में स्थान बनाया। टॉपर छात्राओं को पारंपरिक साफा पहनाकर हाथ घड़ी और मेरिट सर्टिफिकेट प्रदान किए गए। मंच पर पहुंचते ही छात्राओं की आंखों में आत्मविश्वास और चेहरे पर संतोष साफ झलक रहा थाकृमानो वर्षों की मेहनत आज शब्दों के बिना ही बोल रही हो।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सीमा भल्ला ने कहा कि बेटियों की यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज में आ रहे सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिसके सहारे आज की छात्राएं कल के नेतृत्व की नींव रख रही हैं। उनका यह कथन तालियों के साथ पूरे परिसर में गूंज उठा।
पूर्व विधायक गुरदीप सिंह शाहपीनी ने छात्राओं की उपलब्धि को गांव और क्षेत्र के लिए गर्व की बात बताया। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का प्रवेश इसी विद्यालय में कराएं और शिक्षा को प्राथमिकता दें। साथ ही उन्होंने विद्यालय में नए विषय प्रारंभ कराने और दूरदराज से आने वाली छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। साफ शब्दों में उन्होंने कहाकृजहां मेहनत है, वहां संसाधन भी जुटाए जाएंगे।
विद्यालय की प्राचार्य सुमन बिश्रोई ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह सफलता अनुशासित अध्ययन, निरंतर प्रयास और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यही निरंतरता उन्हें भविष्य में भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।
प्राचार्य सुमन बिश्नोई ने बतयाकि सम्मानित होने वाली छात्राओं में ऋतु, प्रिया, रचना, हिमानी, प्रमिला, अरमनदीप कौर, नेहा पूनिया, पलक, हरजोत कौर, आरजू, गरिमा, प्रभजोत कौर, रतनजोत कौर, नेहा वर्मा, दिव्या, अमनदीप कौर, गुरमत कौर, पूजा, संदीप कौर, नंदनी, मंजू कुमारी, प्रिया, मंजू, खुशी, यक्षी, निर्मला, प्राची शामिल रहीं। मंच से नाम पुकारे जाने पर छात्राओं के चेहरे पर जो चमक आई, वह किसी ट्रॉफी से कम नहीं थी।
कार्यक्रम में भामाशाह हरदेव सिंह ग्रेवाल, सरपंच सुखदीप भरणा, डीसी, बलराम गोयल, विनोद पुनिया सहित समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के उपरांत छात्राओं और विद्यालय स्टाफ द्वारा पूरे गांव में विजय जुलूस निकाला गया। ढोल-नगाड़ों और जयघोष के बीच निकले इस जुलूस ने यह संदेश साफ दे दिया कि शाहपीनी की बेटियां अब सिर्फ परीक्षा पास नहीं कर रहीं, बल्कि परंपरा और भविष्य के बीच मजबूत पुल बन रही हैं। पुराने समय की मेहनत और नए समय के सपने दोनों का संगम इस समारोह में साफ नजर आया।







