



ग्राम सेतु डेस्क.
श्रीगंगानगर में पुरानी शुगर मिल वाली जगह पर निर्माणाधीन मिनी सचिवालय परिसर में अब शहर को एक बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। यहां अत्याधुनिक तकनीक और हर सुविधा से युक्त विशाल ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत लगभग 5 करोड़ रुपये आएगी। ऑडिटोरियम में लगभग एक हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी तथा इसमें आधुनिक लाइटिंग, साउंड सिस्टम, ग्रीन रूम और कलाकारों के ठहरने की व्यवस्था भी होगी।
गीत-संगीत को समर्पित एवं स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने वाली संस्था आरडी बर्मन फैंस क्लब ने इस मंजूरी के लिए विधायक जयदीप बिहानी का आभार व्यक्त किया है। संस्था के संस्थापक संयोजक शैलेंद्रसिंह चौहान, अध्यक्ष एडवोकेट विनोद गोयल, कोषाध्यक्ष ललित डोडा और को-ऑर्डिनेटर श्यामसुंदर गोस्वामी ने विशेष मुलाकात कर विधायक को धन्यवाद दिया।
संस्था के सदस्यों ने बताया कि श्रीगंगानगर में वर्षों से सार्वजनिक ऑडिटोरियम की भारी कमी महसूस की जा रही थी। अब इस निर्माण से न केवल शहरवासियों को बड़ी सुविधा मिलेगी, बल्कि स्थानीय कलाकारों, गायकों, नर्तकों और कार्यक्रम आयोजकों को भी बेहतरीन मंच मिल सकेगा।
विधायक जयदीप बिहानी ने मुलाकात के दौरान विस्तार से जानकारी दी कि राज्य सरकार से ऑडिटोरियम निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये का बजट नगर विकास न्यास को स्वीकृत करा दिया गया है। न्यास के अधिकारी निर्माण शुरू करने की सभी औपचारिकताएं पूरी करने में जुटे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले वित्तीय वर्ष में निर्माण कार्य शीघ्र ही प्रारंभ हो जाएगा।
विधायक ने यह भी आश्वासन दिया कि यदि निर्माण के दौरान अतिरिक्त धनराशि की जरूरत पड़ी तो उसकी भी कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उल्लेखनीय है कि जयदीप बिहानी आरडी बर्मन फैंस क्लब के संरक्षक भी हैं।
इसी मुलाकात में संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट विनोद गोयल ने स्थानीय सिविल लाइंस में स्थित गजल सम्राट जगजीतसिंह के जन्मस्थल जी-25 सरकारी क्वार्टर पर बने उनके स्मारक को शीघ्र पूर्ण करने और जनता के लिए खोलने का आग्रह भी किया। विधायक बिहानी ने इस पर भी त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि स्मारक का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है, केवल कुछ छोटे-मोटे काम शेष हैं। इसे जल्द ही जनता के लिए खोल दिया जाएगा। स्मारक के संचालन की व्यवस्था की जा रही है। यहां बच्चों के लिए गायन, वादन और नृत्य की कक्षाएं भी शुरू की जाएंगी। साथ ही जगजीतसिंह का एक संपूर्ण म्यूजियम विकसित किया जाएगा, जिसमें उनके द्वारा इस्तेमाल की गई वस्तुएं, पुरस्कार, वाद्ययंत्र और यादगार चीजें रखी जाएंगी। इससे नई पीढ़ी महान गायक से प्रेरणा ले सकेगी।
आरडी बर्मन फैंस क्लब के सदस्यों ने विधायक के सकारात्मक रवैये और त्वरित कार्रवाई के लिए एक बार फिर आभार जताया तथा उम्मीद व्यक्त की कि दोनों ही परियोजनाएं जल्द ही पूरी होकर शहर की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देंगी।





