



ग्राम सेतु डॉट कॉम.
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित श्रीदेवी पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में हरियाली तीज का पर्व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। छात्राओं और शहर की गणमान्य महिलाओं ने पूरे जोश व उत्साह के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर इस उत्सव को यादगार बना दिया। महाविद्यालय परिसर को सावन की रौनक दर्शाने के लिए पारंपरिक सजावट, झूलों और रंग-बिरंगी सज्जा से विशेष रूप से तैयार किया गया था।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं द्वारा प्रस्तुत राजस्थानी लोकनृत्य, गीत-संगीत और मनमोहक समूह नृत्य ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्राओं ने एक-दूसरे और महाविद्यालय में आमंत्रित महिलाओं को पारंपरिक मेहंदी लगाकर तीज की रस्म निभाई। मेहंदी की सुगंध और सजी हथेलियों ने पूरे माहौल को और भी आकर्षक बना दिया।
उत्सव के दौरान ‘मिस तीज’ प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें पूर्व और नवप्रवेशित छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की विजेता छात्रा को महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया। तीज के पारंपरिक महत्व को बढ़ाते हुए, झूलों की विशेष व्यवस्था की गई थी, जहाँ महिलाओं व छात्राओं ने झूलों का आनंद लेकर सावन का भरपूर लुत्फ उठाया।
महाविद्यालय निदेशक आनंद जैन ने बताया कि यह आयोजन हर वर्ष सावन की तीज से पूर्व छात्राओं के लिए आयोजित किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य उन्हें भारतीय संस्कृति व परंपराओं से जुड़ने का अवसर प्रदान करना है। उन्होंने भविष्य में इस आयोजन को और अधिक भव्य व व्यापक स्तर पर मनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
शहर की गणमान्य महिलाओं और छात्राओं की सक्रिय सहभागिता, पारंपरिक परिधान, जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और मिलनसार वातावरण ने इस उत्सव को एक अविस्मरणीय अनुभव बना दिया। सभी महिलाओं ने छात्राओं द्वारा प्रदर्शित सकारात्मक माहौल और शानदार उत्सव आयोजन की भूरी-भूरी प्रशंसा की। तीज उत्सव के इस अवसर पर न सिर्फ उत्सव का आनंद लिया गया, बल्कि आपसी सौहार्द और संस्कृति के प्रति सम्मान का भी अनूठा प्रदर्शन हुआ।

