




ग्राम सेतु ब्यूरो.
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय के समीप स्थित ऐतिहासिक माँ भद्रकाली मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दौरान प्रस्तावित विशाल मेले के दृष्टिगत व्यवस्थाओं को लेकर भारत क्लब सक्रिय हो गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए समाजसेवी संस्था हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) ने प्रशासन का ध्यान गंभीर समस्याओं की ओर आकर्षित किया है। समिति ने एडीएम, देवस्थान विभाग और सार्वजनिक निर्माण विभाग को पत्र सौंपकर मेला अवधि से पूर्व स्थायी शौचालय निर्माण, नियमित सफाई व्यवस्था और जर्जर सड़क की मरम्मत जैसी मांगें उठाई हैं, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
दरअसल, भद्रकाली मंदिर परिसर में प्रस्तावित भव्य मेले को लेकर तैयारियां प्रारंभ हो चुकी हैं। हनुमानगढ़ सेवा समिति (भारत क्लब) ने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासनिक सतर्कता की मांग की है। समिति की ओर से अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम), देवस्थान विभाग तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग को एक संयुक्त पत्र सौंपा गया है।
समिति अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल ने बताया कि माँ भद्रकाली का मेला क्षेत्र का अत्यंत प्रसिद्ध और आस्था का केंद्र है। यह मेला 19 से 27 मार्च तक आयोजित होगा। इस दौरान पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के विभिन्न जिलों से लाखों श्रद्धालु माँ भद्रकाली के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं। केवल मेला अवधि ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष भर विशेष रूप से शनिवार और रविवार को हजारों श्रद्धालु मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं।
अध्यक्ष जिंदल ने पत्र के माध्यम से बताया कि इतनी बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं के बावजूद मेला क्षेत्र में यात्रियों की सुविधा के लिए स्थायी शौचालयों की व्यवस्था नहीं है। विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई बार यह स्थिति सामाजिक और मानवीय दृष्टि से भी अत्यंत पीड़ादायक हो जाती है। समिति ने मांग की है कि देवस्थान विभाग मेला क्षेत्र में महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग स्थायी शौचालयों का निर्माण करवाए तथा उन्हें पूरे वर्ष संचालित रखा जाए।
इसके साथ ही समिति ने मेला क्षेत्र में निरंतर साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि मेला समाप्त होने के बाद भी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में गंदगी बनी रहती है, जिससे श्रद्धालुओं की आस्था के साथ-साथ स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। समिति का कहना है कि यदि सफाई व्यवस्था को पूरे वर्ष नियमित किया जाए, तो मंदिर की गरिमा और श्रद्धालुओं की सुविधा दोनों में वृद्धि होगी।
समिति सचिव सुनील धूड़िया ने सड़क संबंधी समस्या की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि टाउन क्षेत्र से माँ भद्रकाली मेला क्षेत्र तक पहुंचने वाली सड़क का निर्माण कार्य पिछले काफी समय से सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन कोलतार (कारपेटिंग) के अभाव में सड़क अधूरी और असुविधाजनक बनी हुई है। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में कठिनाई होती है और हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
सचिव सुनील धूड़िया ने स्पष्ट किया कि मेला अवधि में जब श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ जाती है, तब यह सड़क और भी अधिक खतरनाक साबित हो सकती है। समिति ने सार्वजनिक निर्माण विभाग से मांग की है कि मेला शुरू होने से पहले उक्त सड़क का कारपेट कार्य पूर्ण करवाया जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम रूप से मंदिर तक पहुंच सकें।
हनुमानगढ़ सेवा समिति का मानना है कि माँ भद्रकाली मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और आस्था का प्रतीक है। ऐसे में प्रशासन की जिम्मेदारी बनती है कि वह श्रद्धालुओं की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दे। समिति ने भरोसा जताया है कि प्रशासन उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगा और समय रहते आवश्यक कदम उठाएगा।
इस अवसर पर समिति अध्यक्ष मदन गोपाल जिंदल, सचिव सुनील धूड़िया तथा उपाध्यक्ष रामकुमार मंगवाना उपस्थित रहे। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाती हैं, तो मेला न केवल श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगा, बल्कि प्रशासन की कार्यशैली का सकारात्मक संदेश भी देगा।








