





ग्राम सेतु एजुकेशन डेस्क
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड अजमेर द्वारा इस वर्ष 10वीं और 12वीं कक्षा का परिणाम 31 मार्च तक घोषित किया जाना शिक्षा जगत में एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। समय पर परिणाम जारी कर बोर्ड ने न केवल अपनी कार्यप्रणाली की दक्षता साबित की, बल्कि लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों की लंबे समय से चली आ रही चिंता को भी समाप्त किया। इसी परिणाम में हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित भटनेर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की छात्रा नेहा बड़सीवाल ने विज्ञान संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
नेहा बड़सीवाल ने 92 प्रतिशत अंक अर्जित कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। खास बात यह रही कि उन्होंने अंग्रेजी विषय में 100 प्रतिशत तथा बायोलॉजी में 99 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। यह उपलब्धि नेहा की निरंतर मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का प्रतिफल है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर और परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
बचपन से ही कुशाग्र बुद्धि की धनी नेहा पढ़ाई के प्रति गंभीर रही हैं। भटनेर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर रामस्वरूप भाटी ‘ग्राम सेतु डॉट कॉम’ को बताते हैं कि वह कक्षा में न केवल नियमित रूप से ध्यान देती थीं, बल्कि जिज्ञासु प्रवृत्ति के कारण विषयों की गहराई तक समझने का प्रयास करती थीं। यही कारण है कि विज्ञान जैसे चुनौतीपूर्ण संकाय में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
नेहा एक प्रतिष्ठित सामाजिक और राजनीतिक परिवार से ताल्लुक रखती हैं। वह कांग्रेस नेता मनोज बड़सीवाल की पुत्री हैं। उनके दादा मोहनलाल बड़सीवाल और दादी सुरतादेवी नगर पालिका में पार्षद रह चुके हैं और जनसेवा की समृद्ध परंपरा को आगे बढ़ाया है। पिता मनोज बड़सीवाल एक समर्पित सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पहचाने जाते हैं, जिनकी छवि जमीनी स्तर पर काम करने वाले नेता की रही है। वहीं नेहा की मां निशा बड़सीवाल एक कुशल गृहिणी हैं, जिनकी भूमिका बच्चों में संस्कार, अनुशासन और संतुलन विकसित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। परिवार का सहयोग और सकारात्मक वातावरण नेहा की सफलता की मजबूत नींव बना।
अपनी सफलता पर नेहा ने ‘ग्राम सेतु डॉट कॉम’ को बताया कि वह भविष्य में डॉक्टर बनना चाहती हैं। मानव सेवा के इस लक्ष्य को लेकर वह अब नीट की तैयारी में जुटेंगी। नेहा का कहना है कि नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन और आत्मविश्वास ही उनकी सफलता का मंत्र रहा है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के मार्गदर्शन को दिया।
भटनेर इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल मैनेजिंग कमेटी की चेयरर्सन अनुपमा विजय ने नेहा की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह शुरू से ही मेहनती और धुन की पक्की छात्रा रही हैं। उन्होंने दसवीं कक्षा में भी अच्छे अंक हासिल किए थे, जिससे यह संकेत मिल गया था कि वह आगे चलकर उत्कृष्ट परिणाम देंगी। विद्यालय प्रबंधन ने नेहा की इस सफलता को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया है।





