




ग्राम सेतु डॉट कॉम
गुरु नानक देव जी की जयंती के पावन अवसर पर टाइम्स शिक्षण संस्थान में आध्यात्मिक वातावरण के बीच सुखमणि साहिब के पाठ का आयोजन किया गया। बाबा हर राय सिंह जी ने श्रद्धापूर्वक पाठ किया। संस्थान के पदाधिकारियों, शिक्षकों, स्टाफ सदस्यों और विद्यार्थियों ने इसमें भाग लेकर गुरु नानक देव जी को नमन किया तथा सुख, शांति और सर्वकल्याण की अरदास की।
कार्यक्रम में संस्थान के चेयरमैन डॉ. सागर मल लढ़ा, डायरेक्टर गोपाल किशन लढ़ा, डायरेक्टर कपिल लढ़ा, बी.एड. कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. रामप्रताप जांगू, विद्यालय की प्रधानाचार्या नेहा शर्मा एवं फार्मेसी कॉलेज के प्रधानाचार्य अश्वनी शर्मा उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने गुरु नानक देव जी के जीवन दर्शन और उनकी महान शिक्षाओं पर प्रकाश डाला। विशेष रूप से उनके तीन मूल संदेशों ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया गया। बताया गया कि गुरु नानक देव जी ने ईमानदारी और परिश्रम से आजीविका अर्जित करने, ईश्वर का स्मरण करने तथा अपनी कमाई में जरूरतमंदों को सहभागी बनाने की प्रेरणा दी।
गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं मानवता, सेवा, समानता, सत्य, प्रेम और आपसी भाईचारे का संदेश देती हैं। कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनों ने इन आदर्शों को अपने व्यवहार और जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। सुखमणि साहिब के पाठ और अरदास के साथ आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।





