



ग्राम सेतु डेस्क.
हनुमानगढ़ जंक्शन में फूडग्रेन व्यापार मंडल के चुनाव सर्वसम्मति से शांतिपूर्ण माहौल में हुए। सर्वसम्मति से महावीर सहारण को अध्यक्ष नियुक्त किया गया। व्यापारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया और संगठन को और मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष महावीर सहारण ने कार्यकारिणी का गठन करते हुए संगठनात्मक ढांचे को विस्तार दिया। इसमें प्रदीप कुमार गर्ग को उपाध्यक्ष, अनिल कुमार बंसल को सचिव, रविंद्र सहारण को उप सचिव तथा राजेश कुमार जिंदल को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी पदाधिकारियों ने एक स्वर में व्यापारी हितों के लिए निरंतर संघर्ष करने और संगठन को मजबूती प्रदान करने का संकल्प लिया।
अध्यक्ष महावीर सहारण ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि मंडी से जुड़े व्यापारियों को जिन व्यावहारिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। जैसे परिवहन, भंडारण, मंडी शुल्क, प्रशासनिक प्रक्रियाएं और समय-समय पर बदलते नियम, उन पर संगठन एकजुट होकर ठोस पहल करेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन और संबंधित विभागों से संवाद को मजबूत किया जाएगा, ताकि समस्याओं का समाधान टकराव से नहीं, बल्कि बातचीत से निकले।
नव नियुक्त अध्यक्ष महावीर सहारण ने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि व्यापारी हित उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता रहेंगे और मंडल को एकजुट रखते हुए हर समस्या के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। सहारण ने कहा कि संगठन केवल नाम का नहीं, बल्कि काम का होना चाहिए और यही उनकी कार्यशैली का आधार रहेगा।
कार्यक्रम में मौजूद वरिष्ठ व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि महावीर सहारण के नेतृत्व में फूडग्रेन व्यापार मंडल पहले से अधिक सक्रिय, मजबूत और प्रभावी भूमिका निभाएगा। व्यापारियों का मानना है कि अनुभव और व्यावहारिक समझ के चलते नया नेतृत्व मंडी की वास्तविक समस्याओं को बेहतर ढंग से सामने रख सकेगा। अंत में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को व्यापारियों ने शुभकामनाएं दीं और संगठन को एकजुट रखते हुए पारंपरिक व्यापारिक मूल्यों विश्वास, पारदर्शिता और सामूहिकता पर आगे बढ़ने का संकल्प दोहराया।



