





ग्राम सेतु डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जिले में पंचायती राज चुनावी सरगर्मियों के बीच कांग्रेस पार्टी ने हनुमानगढ़ जिला परिषद डायरेक्टर पद के लिए अपने अधिकृत प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। पार्टी के शीर्ष स्थानीय नेतृत्व ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिला निर्वाचन अधिकारी को उम्मीदवारों की अधिकृत सूची विधिवत रूप से सौंप दी। कांग्रेस ने कुल 37 जोनों में से 33 पर अपने प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं, जबकि चार जोनों में फिलहाल किसी भी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है।
पार्टी के जिला चुनाव प्रभारी रमजान चोपदार, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर और पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव के समक्ष उपस्थित होकर यह सूची पेश की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने दावा किया कि सभी 33 जोनों में पार्टी के समर्पित, सक्रिय और जमीनी पकड़ रखने वाले कार्यकर्ताओं को ही प्राथमिकता दी गई है। सूची सौंपे जाने के साथ ही संबंधित जोनों में चुनावी हलचल तेज हो गई है और उम्मीदवारों ने जनसंपर्क अभियान की तैयारी शुरू कर दी है।
कांग्रेस की ओर से जारी इस सूची में वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवाओं और महिलाओं को भी व्यापक प्रतिनिधित्व दिया गया है। विशेष रूप से जोन संख्या 24 से पूर्व उप जिला प्रमुख शबनम गोदारा को पुनरू चुनावी मैदान में उतारा गया है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए महिला प्रत्याशियों की एक बड़ी संख्या को टिकट देकर चुनावी मैदान में उतारा गया है।
घोषित सूची में एक प्रमुख राजनीतिक पहलू यह सामने आया है कि पार्टी ने जोन संख्या 11, 12, 13 और 15 में अपने प्रत्याशी घोषित नहीं किए हैं। इन चार जोनों को खाली रखे जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में विभिन्न तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। विश्लेषक इसे स्थानीय रणनीतिक गठबंधन, निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देने की योजना अथवा अंतिम समय की विशेष रणनीति के रूप में देख रहे हैं। हालांकि, पार्टी नेतृत्व ने इस विषय पर अभी स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं की है। पार्टी द्वारा अधिकृत रूप से घोषित किए गए 33 उम्मीदवारों का विवरण इस प्रकार है, जोन 1 से रेणु, जोन 2 से सुखराम, जोन 3 से सुरेंद्र कुमार, जोन 4 से मंजूबाला, जोन 5 से प्रमोद, जोन 6 से जसवंत सिंह, जोन 7 से जयचंद, जोन 8 से राम कुमार, जोन 9 से सुनीता, जोन 10 से सुमित्रा, जोन 11 से 13 तक उम्मीदवार नहीं उतारा गया। जोन 14 से अजय कुमार, जोन 15 से उम्मीदवार नहीं उतारा गया। जोन 16 से निर्मला, जोन 17 से अजय सिंह, जोन 18 से सावित्री, जोन 19 से सुमन, जोन 20 से सुनीता ढिल, जोन 21 से निर्मला देवी, जोन 22 से सन्तरो, जोन 23 से समेस्ता, जोन 24 से शबनम गोदारा (पूर्व उप जिला प्रमुख), जोन 25 से गुरप्रीत सिंह, जोन 26 से संजय मेघवाल, जोन 27 से अनिता, जोन 28 से वीनू, जोन 29 से प्रेम कुमार, जोन 30 से शांति देवी, जोन 31 से विना देवी, जोन 32 से सोनिया, जोन 33 से जशनजोत कौर, जोन 34 से कृष्ण कुमार, जोन 35 से अशोक कुमार, जोन 36 से बबलदीप कौर, जोन 37 से छिन्द्रपाल कौर शामिल हैं।
सूची जारी होने के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया है कि जिला परिषद बोर्ड में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत हासिल करेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों पर चुनावी चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है और अब सभी की नजरें विरोधी खेमे की रणनीतियों और मतदान के समीकरणों पर टिकी हैं।





