



ग्राम सेतु डॉट कॉम
मधुर भजनों की स्वर लहरियां, श्री कृष्ण के जयकारे और भक्ति में लीन श्रद्धालु। कभी तालियों की गूंज तो कभी संकीर्तन के सुरों पर झूमते भक्त। कुछ ऐसा ही भक्तिमय नजारा हनुमानगढ़ टाउन के श्री करणी नगर, शीला पीर रोड पर देखने को मिला। अवसर था दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान की ओर से प्रस्तावित श्री कृष्ण कथा के उपलक्ष्य में आयोजित भजन-कीर्तन का। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता करते हुए प्रभु श्री कृष्ण की भक्ति का आनंद लिया। भजनों और संकीर्तन ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में दिव्य ज्योति जाग्रति संस्थान के संस्थापक एवं संचालक सर्व श्री आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी प्रीति भारती जी ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक विचारों से अवगत करवाया। उन्होंने भगवान श्री कृष्ण की भक्ति, प्रेम और समर्पण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में भजन-कीर्तन का स्थान अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह केवल मनोरंजन अथवा धार्मिक परंपरा का हिस्सा नहीं, बल्कि आत्मा को परमात्मा से जोड़ने का सशक्त माध्यम है।
साध्वी प्रीति भारती जी ने कहा कि जब मनुष्य सच्ची श्रद्धा, विश्वास और भाव के साथ प्रभु का स्मरण करता है, तो उसके जीवन में सकारात्मकता और शांति का संचार होता है। भक्ति मनुष्य को मानसिक स्थिरता प्रदान करने के साथ ही उसके भीतर आध्यात्मिक चेतना जागृत करती है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में व्यक्ति अनेक प्रकार की चिंताओं और चुनौतियों से घिरा रहता है। ऐसे में प्रभु का स्मरण और सत्संग उसे आंतरिक शांति प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने भगवान श्री कृष्ण के दिव्य जीवन और लीलाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि श्री कृष्ण का चरित्र मानव जीवन के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके जीवन में प्रेम, करुणा, धर्म, कर्तव्य और निष्काम कर्म का संदेश समाहित है। भगवान श्री कृष्ण ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से यह समझाया कि मनुष्य को परिस्थितियों से विचलित हुए बिना अपने कर्तव्य का पालन करना चाहिए। जीवन में प्रेम और समर्पण का भाव बनाए रखते हुए धर्म के मार्ग पर चलना ही सच्ची भक्ति का आधार है।
साध्वी जी ने कहा कि भक्ति का वास्तविक अर्थ केवल पूजा-पाठ अथवा धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं है। इसका संबंध मनुष्य के विचारों, व्यवहार और कर्मों से भी है। जब व्यक्ति अपने जीवन में प्रेम, करुणा, सद्भाव और सेवा जैसे गुणों को अपनाता है, तभी आध्यात्मिक विचारों की सार्थकता सामने आती है। भगवान श्री कृष्ण की शिक्षाएं मनुष्य को जीवन के हर मोड़ पर सही दिशा दिखाने का सामर्थ्य रखती हैं।
कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत मधुर भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु तालियों की थाप के साथ प्रभु श्री कृष्ण का गुणगान करते नजर आए। भक्ति संगीत और आध्यात्मिक प्रवचनों के संगम ने आयोजन को विशेष बना दिया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर साध्वी प्रीति भारती जी ने श्रद्धालुओं से आगामी श्री कृष्ण कथा में सपरिवार सम्मिलित होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि श्री कृष्ण कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान के जीवन, उनकी लीलाओं और दिव्य संदेशों को गहराई से समझने का अवसर मिलेगा। कथा श्रवण से मनुष्य को आध्यात्मिक ज्ञान प्राप्त करने के साथ अपने जीवन को सकारात्मक दिशा देने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम का समापन प्रभु श्री कृष्ण के जयघोष और मंगलकामनाओं के साथ हुआ।





