



गोपाल झा
बचपन में पाठ्यक्रम में गुरु नानकदेव जी की एक कहानी पढ़ी थी। नाम था ‘सच्चा सौदा’। कहानी आज भी स्मृतियों में जस की तस बसी है। पिता ने बारह वर्ष के बालक नानक को व्यापार करने के लिए कुछ पैसे दिए। रास्ते में उन्हें भूखे और जरूरतमंद लोग मिले। उन्होंने व्यापार करने के बजाय उन पैसों से भूखों को भोजन करा दिया। घर लौटे तो पिता ने हिसाब पूछा। बालक नानक का जवाब था- यही सच्चा सौदा है।
कितनी छोटी उम्र! कितनी बड़ी सोच! उस दिन शायद कहानी पढ़ते हुए इसके गहरे अर्थ नहीं समझ पाए थे। लेकिन उम्र के साथ इसका मर्म समझ में आया। जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाना भी एक व्यापार है। ऐसा व्यापार, जिसमें मुनाफा धन का नहीं, आत्मा का होता है। गुरु नानकदेव ने बचपन में ही सिखा दिया था कि मनुष्य होने का अर्थ केवल अपने लिए जीना नहीं है। दूसरों के दुख को महसूस करना भी जीवन का बड़ा धर्म है।
गुरु नानकदेव का दर्शन केवल करुणा तक सीमित नहीं था। उनकी सोच में समानता का भाव भी उतना ही प्रखर था। उस दौर में जब समाज अनेक तरह की रूढ़ियों और भेदभाव से जकड़ा हुआ था, उन्होंने मनुष्य को मनुष्य के रूप में देखने की दृष्टि दी। स्त्री और पुरुष के बीच भेदभाव को उन्होंने स्वीकार नहीं किया। उनका स्पष्ट संदेश था कि स्त्री को कमतर कैसे माना जा सकता है, जब उसी से राजा-महाराजा तक जन्म लेते हैं?
आज भी दुनिया के अनेक धार्मिक स्थलों में महिलाओं के प्रवेश को लेकर विवाद और प्रतिबंध दिखाई देते हैं। ऐसे समय में गुरु नानकदेव की विचारधारा और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। जब ईश्वर ने स्त्री और पुरुष दोनों को बनाया है, जब दोनों उसकी संतान हैं, तो फिर उसके दरबार में भेदभाव कैसा? धर्म का उद्देश्य मनुष्य को जोड़ना है, बांटना नहीं। पांच सौ वर्ष पहले उठाया गया यह सवाल आज भी हमारा पीछा कर रहा है।
गुरु नानकदेव ने पारिवारिक जीवन को भी महत्वपूर्ण माना। उनका संदेश था कि ईश्वर की प्राप्ति के लिए संसार छोड़ना जरूरी नहीं। गृहस्थ जीवन में रहते हुए भी भक्ति और साधना की जा सकती है। यह विचार आज के संदर्भ में बेहद प्रासंगिक है। परिवार केवल रिश्तों का समूह नहीं है। यह जिम्मेदारियों की पहली पाठशाला है। जो व्यक्ति अपने परिवार के प्रति जिम्मेदारी नहीं निभा सकता, उससे समाज और देश के प्रति जिम्मेदारी की उम्मीद कैसे की जा सकती है? जिम्मेदारी से भागना आध्यात्मिकता नहीं हो सकती। असली साधना तो अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना है।
गुरु नानकदेव ने जीवन को दिशा देने वाले तीन सरल सिद्धांत दिए-वंड छको, कीरत करो और नाम जपो। यानी बांटकर खाओ, ईमानदारी से कमाओ और ईश्वर का स्मरण करो। इन तीन सिद्धांतों में जीवन की पूरी किताब समाई हुई है। ‘वंड छको’ हमें संवेदनशील बनाता है। ‘कीरत करो’ आत्मसम्मान के साथ जीना सिखाता है। ‘नाम जपो’ मन को अहंकार और विकारों से दूर रखता है। सोचकर देखिए, यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति इन तीन सिद्धांतों को अपने जीवन में उतार ले तो कितनी समस्याएं स्वतः समाप्त हो सकती हैं।
आज हमारी जिंदगी में सुविधाएं बढ़ी हैं। साधन बढ़े हैं। लेकिन संतोष घटा है। दिखावे की दौड़ ने हमें घेर लिया है। भौतिक सुखों की तलाश में हम प्रकृति के सहज आनंद से दूर होते जा रहे हैं। रिश्तों में औपचारिकता बढ़ रही है। मन में बेचैनी बढ़ रही है। ऐसे समय में गुरु नानकदेव का सादा जीवन और उच्च विचार का संदेश हमें ठहरकर सोचने की प्रेरणा देता है। जीवन की सुंदरता महंगे साधनों में नहीं, बल्कि विचारों की समृद्धि में है।
उनके जीवन का एक और महत्वपूर्ण पक्ष था-यात्राएं। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों की यात्राएं कीं। अलग-अलग धर्मों, संस्कृतियों और विचारों को समझा। संवाद किया। लोगों से मिले। उनकी यात्राएं केवल स्थान बदलने का माध्यम नहीं थीं। वे ज्ञान और अनुभव की तलाश थीं। शायद इसीलिए कहा जाता है कि किताबें हमें दुनिया का परिचय देती हैं और यात्राएं दुनिया से साक्षात्कार कराती हैं। जितना हम देखेंगे, उतना जानेंगे। जितना जानेंगे, उतना ही हमारी सोच का दायरा विस्तृत होगा।
गुरु नानकदेव को केवल किसी एक धर्म या समुदाय के दायरे में बांधकर नहीं देखा जा सकता। उनका संदेश पूरी मानवता के लिए है। करुणा हो। समानता हो। ईमानदारी हो। परिवार के प्रति जिम्मेदारी हो। प्रकृति के प्रति संवेदना हो और मन में परमात्मा के प्रति विश्वास हो।
आज प्रकाश पर्व पर गुरु नानकदेव को याद करना केवल धार्मिक परंपरा का निर्वहन नहीं है। यह अपने भीतर झांकने का अवसर भी है। सवाल इतना ही है कि हम उनके विचारों को कितना अपने जीवन में उतार पाए हैं? गुरुद्वारे में मत्था टेकना आसान है। उनके बताए रास्ते पर चलना कठिन। लेकिन असली श्रद्धा शायद इसी में है कि किसी भूखे को भोजन मिले, किसी जरूरतमंद को सहारा मिले और किसी इंसान के साथ भेदभाव न हो।
क्योंकि अंततः धर्म की पहचान हमारे माथे पर लगे तिलक या सिर पर बंधी पगड़ी से नहीं, हमारे व्यवहार से होती है। यही गुरु नानकदेव के जीवन दर्शन का सबसे बड़ा संदेश है।





