



ग्राम सेतु डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जिला परिषद कार्यालय में 25 नवंबर को जीत का उत्साह देखते ही बन रहा था। बाहर आतिशबाजी हो रही थी, समर्थक जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे और कांग्रेस कार्यकर्ता एक-दूसरे को बधाइयां दे रहे थे। इसी माहौल के बीच नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रेणु जांगू ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर डॉ. खुशाल यादव से पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। शपथ ग्रहण के बाद जब वे पत्रकारों से मुखातिब हुईं तो उनसे जिले के विकास और आगामी प्राथमिकताओं को लेकर सवाल किया गया। सवाल सुनकर वे कुछ पल के लिए सकपका गईं। पीछे से किसी ने आवाज लगाई कि विकास करवाएंगे। इस पर जांगू ने भी कहा, ‘विकास, पूरे गांव का विकास करवाएंगे।’ इतना कहकर वे आगे बढ़ गईं और पीछे कार्यकर्ताओं के नारे गूंजते रहे।
यह छोटा-सा घटनाक्रम जिला परिषद की नई राजनीतिक पारी के सामने खड़े एक बड़े सवाल की ओर भी इशारा करता है। जिला प्रमुख का पद जिले के ग्रामीण विकास की जिम्मेदारी है। अब देखना होगा कि चुनावी जीत का उत्साह विकास की ठोस कार्ययोजना में कितना बदलता है।
जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने भाजपा को करारी शिकस्त देते हुए जिला परिषद की राजनीति में अपना दबदबा साबित किया। कांग्रेस प्रत्याशी रेणु जांगू को 30 मत मिले, जबकि भाजपा की सरस्वती देवी गोदारा को केवल 7 मतों से संतोष करना पड़ा। जिला परिषद के सभी 37 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। कांग्रेस के 26 सदस्यों के साथ माकपा के चार सदस्यों का समर्थन रेणु जांगू के पक्ष में गया।
इस परिणाम ने साफ कर दिया कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले अपने पक्ष में राजनीतिक गणित को साधने में सफलता हासिल की। दूसरी ओर भाजपा अपने प्रत्याशी के पक्ष में अपेक्षित समर्थन जुटाने में नाकाम रही। पार्टी के पास बहुमत नहीं होने के बावजूद चुनाव लड़ने को भाजपा नेताओं ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बताया था, लेकिन सात मतों का परिणाम संगठन की कमजोर स्थिति को उजागर करता है।
निर्वाचन प्रक्रिया भी निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न हुई। सुबह 10 बजे बैठक शुरू हुई। रेणु जांगू ने 10.29 बजे और सरस्वती देवी गोदारा ने 10.42 बजे नामांकन दाखिल किया। दोनों नामांकन सही पाए गए और किसी ने नाम वापस नहीं लिया। इसके बाद सभी 37 सदस्यों ने गुप्त मतदान किया। मतगणना के बाद परिणाम घोषित हुआ और रेणु जांगू को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा गया।
कांग्रेस की इस बड़ी जीत के पीछे पार्टी की अंदरूनी राजनीति की कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है। जिला प्रमुख पद के लिए वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री शबनम गोदारा की दावेदारी लंबे समय से चर्चा में थी। लेकिन पार्टी नेतृत्व ने उन्हें दरकिनार कर रेणु जांगू को प्रत्याशी बनाया। इसका असर मतदान के बाद खुलकर सामने आया।
शबनम गोदारा ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष ने उन्हें टिकट दिया था और उन्होंने रेणु जांगू के पक्ष में मतदान कर अपना कर्ज उतार दिया है। उनके इस बयान में पार्टी के फैसले के प्रति नाराजगी साफ झलकी। उन्होंने जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर और संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। इतना ही नहीं, एक दिसंबर से संगरिया क्षेत्र में गांव-गांव न्याय यात्रा निकालने का ऐलान कर दिया।
यह घोषणा कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। शबनम गोदारा की क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पहचान और समर्थकों का आधार है। ऐसे में उनकी नाराजगी केवल एक पद नहीं मिलने का मामला नहीं रह जाती, बल्कि आने वाले समय में पार्टी के स्थानीय समीकरणों को प्रभावित कर सकती है।
जिला प्रमुख पद के प्रत्याशी चयन को लेकर सिक्ख समाज के प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी उभरा। जिला परिषद सदस्य बबलदीप कौर के भाई हरप्रीत सिंह ढिल्लों ने इस बात पर नाराजगी जताई कि जिला प्रमुख पद पर सिक्ख समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिला। विरोधस्वरूप उन्होंने कांग्रेस का कैंप छोड़ दिया। हालांकि, समझाइश के बाद वे अपनी बहन के साथ मतदान स्थल पहुंचे।
विधायक अभिमन्यु पूनिया ने उनके विरोध को अनुचित बताते हुए पार्टी के निर्णय को सर्वाेपरि बताया। लेकिन राजनीतिक दृष्टि से इस घटनाक्रम को केवल अनुशासन का मामला मानकर खारिज नहीं किया जा सकता। कांग्रेस को यह समझना होगा कि ग्रामीण राजनीति में सामाजिक प्रतिनिधित्व और राजनीतिक भागीदारी भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं, जितना चुनावी संख्याबल।
रेणु जांगू के चयन को लेकर रिश्तेदारी के आरोप भी लगे। उनके पति बृजमोहन जांगू ने प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से रिश्तेदारी के आधार पर टिकट मिलने की बात खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस में सेवा का फल मिलता है, रिश्तेदारी काम नहीं आती। दूसरी ओर भाजपा नेताओं ने भी स्वीकार किया कि उनके पास बहुमत नहीं था, लेकिन चुनाव लड़ना जरूरी था।
जिला प्रमुख का चुनाव कांग्रेस ने बड़े अंतर से जीत लिया, लेकिन राजनीतिक परीक्षा अभी खत्म नहीं हुई है। 26 नवंबर को होने वाले उप जिला प्रमुख के चुनाव पर अब सबकी निगाहें हैं। दोनों दलों ने प्रत्याशियों के नाम घोषित नहीं किए हैं। जिला प्रमुख चुनाव में माकपा के चार सदस्यों का समर्थन कांग्रेस को मिला। ऐसे में उप जिला प्रमुख के चुनाव में भी यह समर्थन निर्णायक साबित हो सकता है।
इस चुनाव के दौरान मतदान की गोपनीयता को लेकर प्रशासन की सख्ती भी चर्चा में रही। सदस्यों को कलाई घड़ी पहनकर मतदान केंद्र में जाने की अनुमति नहीं दी गई। मोबाइल फोन बाहर रखवाए गए, यहां तक कि एक सदस्य की जेब में रखा साधारण पेन भी मतदान केंद्र के भीतर नहीं जाने दिया गया। इसका उद्देश्य मतदान प्रक्रिया की निष्पक्षता और गोपनीयता बनाए रखना था।
कुल मिलाकर रेणु जांगू की जीत ने जिला परिषद में कांग्रेस को मजबूत राजनीतिक स्थिति दे दी है। लेकिन इस जीत के साथ तीन सवाल भी खड़े हुए हैं,शबनम गोदारा की नाराजगी कैसे दूर होगी, सिक्ख समाज के प्रतिनिधित्व को लेकर उठे सवालों का जवाब कौन देगा और पार्टी अपने सभी सदस्यों को एकजुट कैसे रखेगी? जिला प्रमुख की कुर्सी हासिल करना कांग्रेस की बड़ी उपलब्धि है, लेकिन असली राजनीतिक कौशल अब इस जीत को संगठनात्मक मजबूती और ग्रामीण विकास में बदलने में दिखाई देगा। उप जिला प्रमुख का चुनाव इस दिशा में कांग्रेस की पहली अग्निपरीक्षा होगा।






