




ग्राम सेतु डॉट कॉम
पंचायती राज चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद कांग्रेस अब जिला परिषद और पंचायत समितियों में सत्ता की कमान संभालने की तैयारी में जुट गई है। जिला प्रमुख और प्रधान पदों पर ताजपोशी को लेकर पार्टी में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में जयपुर में हनुमानगढ़ जिले के कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। इसमें जिला प्रमुख और विभिन्न पंचायत समितियों के प्रधान पदों के संभावित चेहरों पर मंथन किया गया। बैठक में संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया की गैरमौजूदगी राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई।
पंचायती राज चुनाव में कांग्रेस की शानदार सफलता के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर, चुनाव प्रभारी एमडी चोपदार, सांसद कुलदीप इंदौरा, विधायक अमित चाचाण, विनोद गोठवाल, विधानसभा प्रभारी सुनील लारा और पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी सहित पार्टी के प्रमुख नेताओं ने प्रदेशाध्यक्ष डोटासरा से मुलाकात की। नेताओं ने उन्हें जिले में मिली ऐतिहासिक जीत की बधाई दी और आगामी रणनीति पर चर्चा की। प्रदेशाध्यक्ष ने भी नेताओं और कार्यकर्ताओं की मेहनत की सराहना करते हुए अपने हाथों से मिठाई खिलाकर जीत की मुबारकबाद दी।
सात नामों में जिला प्रमुख की तलाश
बैठक में जिला प्रमुख पद के लिए कई महिला दावेदारों के नाम सामने आए। सूत्रों के मुताबिक, शबनम गोदारा, रेणु जांगू, सोनिया मक्कासर, अनीता देग, जशनजोत कौर, वीनू भिडासरा और बबलदीप कौर के नामों पर चर्चा हुई। दावेदारों की लंबी सूची से स्पष्ट है कि कांग्रेस नेतृत्व के सामने विकल्प तो कई हैं, लेकिन किसी एक नाम पर सहमति बनाना आसान नहीं होगा।
राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव के आधार पर शबनम गोदारा को फिलहाल दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है। हालांकि, उनकी दावेदारी का अंतिम फैसला क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के समर्थन और पार्टी के भीतर बनने वाले समीकरणों पर निर्भर करेगा। जिला प्रमुख का चयन केवल वरिष्ठता या अनुभव के आधार पर नहीं होगा। इसमें जातीय और क्षेत्रीय संतुलन, निर्वाचित सदस्यों की पसंद तथा प्रभावशाली नेताओं की सहमति भी अहम भूमिका निभा सकती है।
कांग्रेस के लिए यह फैसला इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि जिले में मिले बड़े जनादेश के बाद पार्टी के निर्वाचित सदस्यों की अपेक्षाएं बढ़ी हुई हैं। ऐसे में प्रदेश नेतृत्व की कोशिश सभी दावेदारों और उनके समर्थकों को साथ लेकर चलने की होगी, ताकि पदों के बंटवारे के दौरान संगठन में किसी तरह की असहज स्थिति पैदा न हो।
अभिमन्यु पूनिया की गैरमौजूदगी के मायने!
बैठक में संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया की अनुपस्थिति ने सियासी चर्चाओं को हवा दे दी। जिले में कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत के बाद सांसद, विधायक और संगठन के प्रमुख नेता प्रदेशाध्यक्ष के साथ भविष्य की रणनीति बनाने के लिए मौजूद रहे, लेकिन पूनिया नजर नहीं आए। उनकी गैरमौजूदगी के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। इसलिए इसे किसी नाराजगी या राजनीतिक मतभेद से जोड़ना जल्दबाजी होगी। फिर भी जिला प्रमुख और प्रधानों के चयन जैसी महत्वपूर्ण कवायद के दौरान एक विधायक की अनुपस्थिति ने राजनीतिक हलकों में सवाल जरूर खड़े किए हैं।
प्रधान पदों पर भी साधने होंगे समीकरण
बैठक का एजेंडा केवल जिला प्रमुख के चयन तक सीमित नहीं रहा। विभिन्न पंचायत समितियों में प्रधान पदों के संभावित दावेदारों और स्थानीय राजनीतिक समीकरणों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस के सामने चुनौती जिला परिषद के साथ पंचायत समिति स्तर पर भी संतुलन बनाने की है।
अब निगाहें प्रदेश नेतृत्व के अगले फैसले पर टिकी हैं। जिला प्रमुख और प्रधान पदों पर किसे जिम्मेदारी मिलती है, यह जिले में कांग्रेस के भीतर शक्ति संतुलन और भविष्य की नेतृत्व व्यवस्था का संकेत भी देगा। चुनाव में भाजपा को शिकस्त देकर कांग्रेस ने ग्रामीण राजनीति में अपनी ताकत साबित की है, लेकिन अब जीत के जनादेश को सत्ता के संतुलित बंटवारे में बदलना पार्टी के लिए अगली बड़ी परीक्षा है।





