



ग्राम सेतु डॉट कॉम
ढोल की थाप पर थिरकते कार्यकर्ता, आसमान में गूंजती आतिशबाजी, एक-दूसरे के चेहरे पर गुलाल मलते समर्थक और मिठाइयों से मुंह मीठा कराते कांग्रेस नेता… गुरुवार को हनुमानगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय का नजारा किसी चुनावी जीत के बड़े जश्न से कम नहीं था। जिला परिषद में जिला प्रमुख पद पर रेणु जांगू की ताजपोशी के अगले ही दिन उप जिला प्रमुख पद पर भी कांग्रेस ने जीत का परचम लहरा दिया। कांग्रेस नेता राम कुमार स्वामी ने भाजपा के रजनीश कस्वां को 23 मतों से शिकस्त देकर यह पद अपने नाम किया। दोनों चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों को 30-30 वोट मिले, जबकि भाजपा महज 7-7 मतों पर सिमट गई। जिला परिषद के दोनों शीर्ष पदों पर कब्जे के बाद कांग्रेस खेमे में उत्साह चरम पर है। अब जश्न के बीच नई जिला परिषद के सामने ग्रामीण विकास की उम्मीदों पर खरा उतरने की चुनौती है।
निर्वाचन प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. खुशाल यादव और अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेदीलाल मीना की मौजूदगी में संपन्न हुई। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख राम कुमार स्वामी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। जीत की घोषणा होते ही कांग्रेस खेमे में उत्साह की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। कांग्रेस संगठन प्रभारी एमडी चोपदार, सह प्रभारी डॉ. सुनील लारा, जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रेणु जांगू और उप जिला प्रमुख राम कुमार स्वामी जिला कांग्रेस कमेटी (डीसीसी) कार्यालय पहुंचे। यहां कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों जनप्रतिनिधियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के दौरान ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं ने जमकर नृत्य किया। माहौल पूरी तरह उत्सव में तब्दील हो गया। खास बात यह रही कि जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने खुद ढोल बजाकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। कांग्रेस नेताओं ने इसे पंचायत चुनाव में पार्टी की बड़ी राजनीतिक उपलब्धि बताते हुए कार्यकर्ताओं की एकजुटता का परिणाम बताया।
गौरतलब है कि उप जिला प्रमुख के चुनाव से एक दिन पहले बुधवार को कांग्रेस ने जिला प्रमुख पद पर भी जीत दर्ज की थी। कांग्रेस प्रत्याशी रेणु जांगू ने भाजपा की सरस्वती देवी गोदारा को 23 मतों के अंतर से पराजित कर जिला प्रमुख का पद हासिल किया था। जिला परिषद के कुल 37 मतों में से रेणु जांगू को 30 वोट मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी सरस्वती देवी गोदारा को केवल 7 मत प्राप्त हुए थे। इस तरह जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख, दोनों चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों को समान रूप से 30-30 वोट मिले, जबकि भाजपा के खाते में दोनों बार महज 7-7 मत ही आए।
जिला परिषद के चुनाव परिणामों पर नजर डालें तो कुल 37 सीटों में कांग्रेस ने 26 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की थी। माकपा को 4 सीटें मिलीं, जबकि भाजपा केवल 7 सीटों पर सिमट गई। कांग्रेस को माकपा के चार सदस्यों का समर्थन मिलने से जिला परिषद में उसका बहुमत और मजबूत हो गया। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव में मिले 30-30 मतों ने इस राजनीतिक समीकरण पर मुहर लगा दी। वहीं भाजपा दोनों महत्वपूर्ण पदों के चुनाव में अपने सात सदस्यों के आंकड़े से आगे नहीं बढ़ सकी।
ग्रामीण विकास का नया अध्याय लिखेंगे: राम कुमार स्वामी
नवनिर्वाचित उप जिला प्रमुख राम कुमार स्वामी ने निर्वाचन के बाद पत्रकारों से बातचीत में अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित पक्षों को साथ लेकर जिले में ग्रामीण विकास का नया अध्याय लिखने का प्रयास किया जाएगा। जिला परिषद में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाएगा और उसकी तत्काल सुनवाई सुनिश्चित करने का प्रयास रहेगा।
स्वामी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके लिए सरकार के स्तर पर भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि बजट की कमी के कारण गांवों में विकास कार्य प्रभावित न हों। उनका कहना था कि ग्रामीण क्षेत्र की समस्याओं का समाधान केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि योजनाबद्ध तरीके से काम करने और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने से संभव है।
उल्लेखनीय है कि राम कुमार स्वामी को पंचायतीराज व्यवस्था का पुराना अनुभव है। ऐसे में उनसे ग्रामीण विकास से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की जा रही है। जिला परिषद में नई टीम के गठन के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों की निगाहें इस बात पर रहेंगी कि चुनाव के दौरान किए गए विकास के वादे धरातल पर कितनी तेजी से उतरते हैं।
जिला परिषद के दोनों शीर्ष पदों पर कांग्रेस की जीत को जिले की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। पंचायत चुनाव में मिले जनादेश के बाद कांग्रेस ने न केवल जिला प्रमुख का पद हासिल किया, बल्कि उप जिला प्रमुख पद पर भी अपना प्रत्याशी निर्वाचित करवाकर संगठनात्मक एकजुटता का संदेश दिया है। अब जिला प्रमुख रेणु जांगू और उप जिला प्रमुख राम कुमार स्वामी के सामने ग्रामीण विकास की अपेक्षाओं को पूरा करने की चुनौती होगी। चुनावी जीत का जश्न मनाने के बाद कांग्रेस के लिए असली परीक्षा अब जिला परिषद के माध्यम से गांवों की समस्याओं का समाधान और विकास कार्यों को गति देना होगा।





