




ग्राम सेतु डेस्क.
सशक्त नारी संस्थान, हनुमानगढ़ की ओर से राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय समंदनगर चक ज्वालासिंह वाला में बालिकाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से गायन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य उद्देश्य बालिकाओं में आत्मविश्वास जागृत करना, उनकी रचनात्मक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना तथा समाज में बालिकाओं के महत्व को रेखांकित करना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सशक्त नारी संस्थान की संस्थापक अध्यक्ष मिताली अग्रवाल ने कहा कि बालिकाएं आज हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं और ऐसे आयोजनों से उनमें छिपी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन एवं शिक्षकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा छात्राओं को निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
गायन प्रतियोगिता को दो वर्गों सीनियर एवं जूनियर में आयोजित किया गया। निर्णायक मंडल ने सुर, ताल, भाव और प्रस्तुति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया।
सीनियर वर्ग में कक्षा 12 की छात्रा कमलदीप कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 9 की निशु ने द्वितीय तथा कक्षा 12 की तम्मन्ना ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं जूनियर वर्ग में कक्षा 6 की प्रिया ने प्रथम, कक्षा 8 की राजवीर ने द्वितीय तथा कक्षा 6 की वंदना ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी गायन प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
विजेता एवं प्रतिभागी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रिंसिपल महेन्द्रपाल सिंह ने भी इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के अंत मे अध्यक्ष मिताली अग्रवाल, कोषाध्यक्ष सीमा गुप्ता, उपाध्यक्ष निशा मित्तल, प्रचारमंत्री पूजा गोयल, रिंकल गर्ग, श्वेता गोयल, ममता मदान एवं मोनिका बब्बर ने विजेता बेटियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।





