



ग्राम सेतु डॉट कॉम
आस्था, परंपरा और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का महापर्व छठ पूर्वांचल मूल के लोगों का प्रमुख त्योहार है। इस पर्व का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व इतना गहरा है कि देश-दुनिया में जहां भी पूर्वांचल के लोग निवास करते हैं, वहां छठ पूजा की विशेष रौनक देखने को मिलती है। हनुमानगढ़ शहर भी इससे अछूता नहीं है। यहां पूर्वांचल मूल के हजारों लोग निवास करते हैं और हर साल छठ पूजा के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए एकत्र होते हैं।
शहर में कई स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन होते हैं, लेकिन मुख्य रूप से जंक्शन में श्रीगंगानगर रोड स्थित अग्रसेन चौक पर खुंजा नहर और टाउन में कोहला नहर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इन दोनों स्थानों पर छठ पूजा के दौरान पूर्वांचल की लोक संस्कृति, पारंपरिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का अनूठा संगम देखने को मिलता है। महिलाएं निर्जला व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना करती हैं। अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालु घंटों पहले घाटों पर पहुंचने लगते हैं।
छठ पूजा के आयोजन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि पहले खुंजा और कोहला नहरें कच्ची थीं। बाद में नहरों के पक्के निर्माण के कारण श्रद्धालुओं के सामने पानी में उतरने और पूजा-अर्चना करने के लिए उचित स्थान की कमी महसूस होने लगी। नहरों के किनारे पक्के होने से श्रद्धालुओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या से तत्कालीन सिंचाई मंत्री डॉ. रामप्रताप को अवगत करवाया गया।
डॉ. रामप्रताप ने इस समस्या को गंभीरता से लिया। वे स्वयं हर साल छठ पूजा के अवसर पर नहरों पर पहुंचते और आयोजन में शामिल होते रहे। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की परेशानियों को नजदीक से महसूस किया। इसके बाद खुंजा और कोहला नहर पर घाटों का निर्माण करवाया गया। घाट बनने से श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए सुविधाजनक स्थान मिला और छठ पूजा के आयोजन में काफी सहूलियत हुई। पूर्वांचल समाज के लोग आज भी इस पहल को याद करते हैं।
हालांकि, समय के साथ हनुमानगढ़ में पूर्वांचल मूल के लोगों की संख्या और छठ पूजा में भागीदारी लगातार बढ़ी है। खासकर जंक्शन स्थित खुंजा नहर पर श्रद्धालुओं की तादाद इतनी अधिक हो जाती है कि मौजूदा घाट पर सभी के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध नहीं हो पाती। परिणामस्वरूप श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान असुविधा का सामना करना पड़ता है। कई परिवारों को घाट पर उचित स्थान पाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
ऐसे में खुंजा नहर पर मौजूदा घाट की लंबाई बढ़ाने की मांग लंबे समय से उठ रही है। हर साल छठ पूजा के दौरान यह मुद्दा चर्चा में आता है। जनप्रतिनिधियों की ओर से मांग पर सहानुभूति जताते हुए आश्वासन भी दिए जाते हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। श्रद्धालुओं का मानना है कि जिस तेजी से छठ पूजा में लोगों की भागीदारी बढ़ रही है, उसके अनुरूप घाट का विस्तार भी जरूरी है। केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, इसके लिए ठोस पहल करनी होगी।
राजस्थान मैथिल ब्राह्मण परिषद के अध्यक्ष एडवोकेट देवकीनंदन चौधरी कहते हैं, ‘पूर्वांचल समाज के लिए डॉ. रामप्रतापजी का योगदान केवल नहरों पर घाटों का निर्माण करवाने तक सीमित नहीं है। उन्होंने टाउन में मिथिला भवन यानी सामुदायिक केंद्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह भवन पूर्वांचल मूल के लोगों के सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र है। यहां समाज के लोग विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं।’
मिथिला सेवा समिति के बलदेव दास कहते हैं कि डॉ. रामप्रताप ने पूर्वांचल समाज को दो बड़ी सौगातें दीं। पहली, छठ पूजा के लिए खुंजा और कोहला नहर पर घाटों का निर्माण तथा दूसरी, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए मिथिला भवन का निर्माण। यही वजह है कि पूर्वांचल मूल के लोग उनके इन प्रयासों के प्रति आभार जताते हैं और उन्हें याद करते हैं।
दूसरी ओर, पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधियों ने समाज की मौजूदा समस्याओं और मांगों को लेकर उपेक्षा पर नाराजगी जताई है। राजस्थान मैथिल ब्राह्मण परिषद के अध्यक्ष देवकीनंदन चौधरी, मिथिला सेवा समिति के बलदेव दास, राजस्थान पूर्वांचल समिति के राधेश्याम गुप्ता, शत्रुघ्न प्रसाद और मृत्युंजय सिंह सहित अन्य लोगों ने कहा कि हनुमानगढ़ में पूर्वांचल मूल के लोगों की बड़ी आबादी है। सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी रहती है। इसके बावजूद उनकी जायज मांगों को अपेक्षित गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
समाज के प्रतिनिधियों का कहना है कि खुंजा नहर पर घाट का विस्तार ऐसी मांग है, जिसका समाधान लंबे समय से लंबित है। छठ पूजा कोई एक दिन का सामान्य आयोजन नहीं, बल्कि लाखों लोगों की आस्था और सामाजिक पहचान से जुड़ा महापर्व है। इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाट का विस्तार प्राथमिकता से करवाया जाना चाहिए।
पूर्वांचल समाज के लोग एक ओर डॉ. रामप्रताप की ओर से करवाए गए कार्यों के लिए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं, वहीं दूसरी ओर मौजूदा जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से अपेक्षा रखते हैं कि वे इस लंबित मांग को गंभीरता से लें। अब देखना यह है कि हर साल उठने वाली यह मांग कब धरातल पर उतरती है और श्रद्धालुओं को छठ पूजा के दौरान पर्याप्त स्थान की सुविधा मिल पाती है।




