



ग्राम सेतु डेस्क.
हनुमानगढ़ में होली का रंग इस बार केवल गुलाल और अबीर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सम्मान, सद्भाव और सामाजिक सरोकारों की खुशबू से भी सराबोर दिखाई दिया। भटनेर किंग्स क्लब की ओर से बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में आयोजित होली स्नेह मिलन एवं सम्मान समारोह में रंगों के साथ रिश्तों की गर्माहट भी खुलकर झलकी। मंच पर समाज सेवा, शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया तो कार्यक्रम में मौजूद लोगों के चेहरों पर उत्साह और अपनत्व के रंग साफ दिखाई दिए। मुख्य अतिथि जिला एवं सत्र न्यायाधीश अमित कड़वासरा और अध्यक्षता कर रहे प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष तरुण विजय की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की। समारोह ने यह संदेश भी दिया कि जब समाज के लोग एक मंच पर मिलते हैं, तो त्योहार केवल परंपरा नहीं रहते, बल्कि सामाजिक एकता और सेवा की नई प्रेरणा बन जाते हैं।
मुख्य अतिथि अमित कड़वासरा, तरूण विजय, क्लब संरक्षक आशीष विजय तथा क्लब अध्यक्ष कुलभूषण जिंदल ने सदस्यों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। समारोह में बड़ी संख्या में क्लब सदस्य, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि अमित कड़वासरा ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं बल्कि आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और लोगों के बीच आपसी संबंध और मजबूत होते हैं। उन्होंने क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज के विकास में ऐसे संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
तरूण विजय ने कहा कि त्योहारों की खुशियों को मिलकर मनाना भारतीय संस्कृति की विशेषता है। उन्होंने कहा कि यह समारोह केवल होली मिलन तक सीमित नहीं है, बल्कि उन लोगों को सम्मानित करने का भी अवसर है जो समाज के लिए बेहतर कार्य कर रहे हैं। ऐसे सम्मान से कार्य करने वालों को नई प्रेरणा और ऊर्जा मिलती है।
आशीष विजय ने बताया कि भटनेर किंग्स क्लब में तीन सौ से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं और सभी सदस्य मिलकर समाज सेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्होंने कहा कि क्लब गर्मियों में जरूरतमंद लोगों के लिए प्याऊ का संचालन करता है, गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग करता है तथा समय-समय पर रक्तदान शिविर भी आयोजित करता है। इसके अलावा शहीदों के परिवारों का सम्मान और युवाओं के लिए खेल गतिविधियों का आयोजन भी क्लब की प्रमुख गतिविधियों में शामिल है। क्लब का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक सहायता पहुंचाना है और भविष्य में सामाजिक सेवा के कार्यों को और अधिक गति देने का निर्णय भी इस सम्मेलन में लिया गया। क्लब सदस्य शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को भी आगे बढ़ाने की योजना बना रहे हैं।
कुलभूषण जिंदल ने सभी अतिथियों, सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्लब के सभी सदस्य मिलकर समाज के लिए सकारात्मक कार्य करते रहेंगे और इसी भावना के साथ आने वाले समय में और भी बड़े सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
समारोह के दौरान होली के पारंपरिक रंग, आपसी मिलन और सम्मान समारोह ने पूरे वातावरण को उत्साह और उमंग से भर दिया। कार्यक्रम ने समाज में एकता, सहयोग और सेवा की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। इस अवसर परअर्जुन अवार्डी जगसीर सिंह, सतनाम खोसा, कपिल गोयल, राकेश मल्होत्रा, अजय शर्मा, गौरव बैनीवाल, राज तिवारी,रवि दाधीच, गजेंद्र दाधीच , तरुण बंसल, सतविंदर सिंह, लक्की सिंधी, गुरप्रीत सिंह, सोनू गजरा, हरि चारण, साहिल खुंगर, पंकज अमलानी, पवन राठी आदि उपस्थित थे।







