



ग्राम सेतु ब्यूरो.
बदलते समय में रिश्तों की तलाश भी अब व्यवस्थित और सामाजिक मंचों के माध्यम से होने लगी है। इसी कड़ी में गौड़ ब्राह्मण महासभा राजस्थान के तत्वावधान में समाज का वैवाहिक युवक-युवती परिचय सम्मेलन 22 मार्च को जयपुर में आयोजित किया जाएगा। समाजोपयोगी भवन स्थित परशुराम परिसर में होने वाले इस सम्मेलन का उद्देश्य समाज के परिवारों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपने बच्चों के लिए योग्य और समकक्ष जीवनसाथी का चयन कर सकें। आयोजन को लेकर समाज के पदाधिकारियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं और विभिन्न जिलों में भी समाजजनों से भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की जा रही है।
गौड़ ब्राह्मण महासभा हनुमानगढ़ के जिलाध्यक्ष दुर्गाप्रसाद शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के संपूर्ण बायोडाटा एक ही मंच पर उपलब्ध रहेंगे। इससे अभिभावकों को अपने बच्चों के लिए उपयुक्त जीवनसाथी चुनने में सुविधा मिलेगी।
दुर्गाप्रसाद शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में इंजीनियर, चिकित्सक, बैंक कर्मचारी, डाक विभाग के अधिकारी, केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न पदों पर कार्यरत कर्मचारी तथा निजी व्यवसाय से जुड़े युवक-युवतियों के बायोडाटा भी उपलब्ध रहेंगे। कार्यक्रम की विशेषता यह होगी कि परिचय देने वाले युवक-युवतियां स्वयं मंच पर उपस्थित होकर अपना संक्षिप्त परिचय देंगे, जिससे अभिभावकों और परिवारों को प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिलेगा।
महासभा ने समाज के सभी अभिभावकों से इस महत्वपूर्ण आयोजन में भाग लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के परिचय सम्मेलन समाज के भीतर पारस्परिक संपर्क बढ़ाने और योग्य रिश्तों के चयन में सहायक सिद्ध होते हैं। अधिक जानकारी और प्रविष्टि पत्र प्राप्त करने के लिए जयपुर स्थित समाजोपयोगी भवन या हनुमानगढ़ जिले में महासभा के जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद शर्मा तथा तहसील स्तर पर महासभा के संबंधित पदाधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है। महासभा के पदाधिकारियों का कहना है कि यह आयोजन समाज के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सार्थक पहल साबित होगा और समाज के परिवारों को आपसी संवाद और परिचय का बेहतर अवसर प्रदान करेगा।





