




ग्राम सेतु ब्यूरो.
प्राविधिक शिक्षा मण्डल, राजस्थान की सेमेस्टर परीक्षाओं के घोषित परिणामों में श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक, हनुमानगढ़ की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान और जिले का नाम गौरवान्वित किया है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में संस्थान परिसर में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें फैशन डिजाइन डिप्लोमा पाठ्यक्रम की मेधावी छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य छात्राओं की मेहनत, अनुशासन और रचनात्मकता को सार्वजनिक रूप से सम्मान देना रहा।
समारोह में शहर की ख्यातिप्राप्त फैशन डिजाइनर रीत गीत क्रिएशन की संचालिका सिमरण तथा कीरत बुटीक की संचालिका अमरजीत कौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने मेधावी छात्राओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
सिमरन ने कहा कि आज की कामकाजी महिला को घर और कार्यस्थल दोनों मोर्चों पर संतुलन बनाकर चलना पड़ता है। उन्होंने छात्राओं को यह संदेश दिया कि फैशन डिजाइन के क्षेत्र में सफलता पाने के लिए निरंतर सीखने की भावना, धैर्य और अनुशासन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि रचनात्मकता तभी निखरती है, जब सीखने की प्रक्रिया कभी रुकती नहीं।
अमरजीत कौर ने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनका जन्म छोटे से कस्बे रावला में हुआ, लेकिन हनुमानगढ़ में विवाह के बाद उन्हें फैशन शिक्षा का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि सिलाई का प्रारंभिक ज्ञान उन्हें अपने पिता से मिला, जिसे आगे चलकर श्रीदेवी महिला पॉलिटेक्निक में व्यवस्थित शिक्षा और प्रशिक्षण के माध्यम से परिष्कृत करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने छात्राओं को सलाह दी कि फैशन क्षेत्र में अवसरों की कमी नहीं है, परंतु प्रतिस्पर्धा भी तीव्र है। इसलिए यदि रचनात्मक सोच के साथ हर पक्ष का व्यावहारिक ज्ञान और कौशल विकसित किया जाए, तभी दीर्घकालिक सफलता संभव है।
सेमेस्टर परीक्षाओं में संस्थान की छात्राओं ने उल्लेखनीय उपलब्धि दर्ज की। नवजोत कौर और राधिका ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अधिकतम संचयी ग्रेड अंक प्राप्त किए, जिससे संस्थान को विशेष गौरव मिला। वहीं नताशा, प्रियंका, प्रतिभा, अश्मंदीप, दिव्या, खुशी, अमनदीप और अर्शदीप ने भी अत्यंत उच्च संचयी ग्रेड अंक हासिल कर अपनी प्रतिभा और परिश्रम का सशक्त परिचय दिया। इन परिणामों ने यह सिद्ध कर दिया कि संस्थान में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और अभ्यास का मजबूत वातावरण उपलब्ध है।
संस्थान के निदेशक आनंद जैन ने इस उपलब्धि पर छात्राओं और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम सुदृढ़ शैक्षणिक ढांचे, व्यावहारिक प्रशिक्षण और रचनात्मक मार्गदर्शन का प्रतिफल है। उन्होंने बताया कि संस्थान का लक्ष्य छात्राओं को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें व्यवहारिक कौशल, आत्मविश्वास और नवाचार की क्षमता से सशक्त बनाना है, ताकि वे भविष्य में फैशन उद्योग में सफल करियर स्थापित कर सकें।
विभागाध्यक्ष मोनिका चावला ने भी सफल छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता छात्राओं की निरंतर मेहनत और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि संस्थान की छात्राएं आगे भी इसी लगन के साथ अध्ययन कर फैशन डिजाइन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएंगी।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी साथियों की सफलता का सम्मान किया। पूरे आयोजन का वातावरण उल्लास, प्रेरणा और गर्व से ओतप्रोत रहा। यह समारोह न केवल उपलब्धियों का उत्सव बना, बल्कि भविष्य की राह पर और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता नजर आया।







