





ग्राम सेतु डॉट कॉम
हाथों में भाजपा के झंडे, जुबां पर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष तथा कांग्रेस के खिलाफ गूंजते नारों के बीच शुक्रवार को हनुमानगढ़ टाउन की सड़कें राजनीतिक रंग में रंगी नजर आईं। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने सेंट्रल पार्क से सुभाष चौक तक पदयात्रा निकालकर अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन किया। पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शेखावत और जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सुभाष चौक पहुंचने पर पदयात्रा नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गई, जहां वक्ताओं ने कांग्रेस और समूचे विपक्ष को लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति गैर-जिम्मेदार बताते हुए निशाना साधा।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता ने चुनावों में बार-बार नकारा है। जनसमर्थन खोने के बाद अब कांग्रेस वोट चोरी का मुद्दा उछालकर सत्ता हासिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर लोगों को गुमराह किया जा रहा है और चुनावी प्रक्रिया को लेकर अनावश्यक भ्रम पैदा किया जा रहा है। शेखावत के मुताबिक लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वाेपरि होता है, लेकिन कांग्रेस अपनी राजनीतिक विफलता स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं और चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव जनता की इच्छा व्यक्त करने का सबसे बड़ा माध्यम हैं। जब जनता किसी राजनीतिक दल को स्वीकार नहीं करती तो उसे जनादेश का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह एसआईआर के मुद्दे को लेकर आमजन में भ्रम और आशंकाएं पैदा कर रही है। डेलू ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विपक्ष के आरोपों का जवाब तथ्यों के साथ जनता के बीच जाकर दें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत करें।
भाजपा नेता अमित चौधरी ने कांग्रेस की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि विपक्ष जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक भूमिका निभाने के बजाय ऐसे मुद्दों को तूल दे रहा है, जिनके माध्यम से जनता के बीच भ्रम पैदा किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक जमीन खिसकने से परेशान है और इसी कारण वोट चोरी जैसे आरोपों को राजनीतिक हथियार बना रही है। चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करेंगे और विपक्ष के दुष्प्रचार का जवाब देंगे।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र पारीक ने कांग्रेस और विपक्षी दलों की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की जिम्मेदारी केवल आरोप लगाना नहीं, बल्कि रचनात्मक और जिम्मेदार भूमिका निभाना भी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस चुनावी प्रक्रिया को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा कर रही है। पारीक ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले विपक्ष को अपने आरोपों के पक्ष में ठोस तथ्य रखने चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की मजबूती और जनसंपर्क के जरिए पार्टी की बात आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पदयात्रा जिला उपाध्यक्ष ओम सोनी, प्रदीप ऐरी, जिला प्रवक्ता आशीष पारीक, कृष्ण तायल, पार्षद हिमांशु महर्षि, नगर मंडल अध्यक्ष नितिन बंसल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने पूरे रास्ते नारेबाजी करते हुए कांग्रेस के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। सुभाष चौक पर हुई सभा में वक्ताओं ने एक स्वर में आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे पर जनता को गुमराह कर रही है तथा राजनीतिक लाभ के लिए अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। भाजपा नेताओं ने अभियान के माध्यम से विपक्ष को संदेश देने की कोशिश की कि पार्टी चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं के समर्थन में सड़कों पर उतरकर राजनीतिक मुकाबला करेगी।





