








ग्राम सेतु डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय स्थित महाराजा अग्रसेन भवन। मां लक्ष्मी की वंदना और महाराजा अग्रसेन के जयकारों से पूरा परिसर भक्ति और उल्लास के रंग में रंगा नजर आया। अग्रवाल समाज समिति द्वारा आयोजित ‘प्रतिभा सम्मान एवं सांस्कृतिक समारोह’ में समाज की एकता, समृद्ध विरासत और नई पीढ़ी की ऊर्जा का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंच पर जहां हंसवाहिनी संगीत कला मन्दिर के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपनी सुरमई और मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित सैकड़ों लोगों की तालियां बटोरीं, वहीं जब विद्यालयी, उच्च शिक्षा और प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में परचम लहराने वाले 70 होनहार मेधावी छात्र-छात्राएं मंच पर पहुंचे, तो पूरा हॉल गर्व और उत्साह से गूंज उठा। समाज के बुजुर्गों का स्नेह, युवाओं का जोश और सेवा भाव के संकल्प के बीच यह आयोजन केवल एक औपचारिक उत्सव नहीं, बल्कि समाज के सुनहरे भविष्य की जीवंत तस्वीर पेश कर गया।
मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ सदस्य व संरक्षक मथरादास बंसल, पूर्व सभापति संतोष बंसल, उद्योगपति उमाशंकर गर्ग, उपसभापति सोनू बंसल, पार्षद रेखा राजेश दादरी, पार्षद सोनल अग्रवाल, पार्षद ज्योतसना सिंगल, व्यापार मंडल अध्यक्ष धर्मपाल जिन्दल डिम्पल, पीरखाना अध्यक्ष मनीष अग्रवाल थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी इन्द्र हिसारिया ने की।
कार्यक्रम का संचालन मीडिया प्रभारी मुकेश मित्तल ने किया। समारोह के दौरान 70 मेधावी प्रतिभाओं को भी पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया। सम्मानित होने वालों में विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा और विभिन्न प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं शामिल थे। वरिष्ठ सदस्य देवेंद्र अग्रवाल ने युवाओं को समाज की सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। अग्रवाल समाज समिति के संरक्षक मण्डल का अतिथियों ने माल्यार्पण कर अभिनंदन किया।
समिति के अध्यक्ष सुभाष बंसल ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि अग्रवाल समाज हमेशा से शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा में अग्रणी रहा है। उन्होंने कहा कि समाज की शक्ति युवाओं और वरिष्ठजनों दोनों के अनुभव और उत्साह से मिलकर बनती है।
समिति द्वारा समाज के निर्धन परिवारों के प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा हेतु योजनाबद्ध तरीके से सहायता प्रदान करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। अध्यक्ष ने कहा कि समाज का उत्थान शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रसार में निहित है और समिति इसी दिशा में लगातार काम कर रही है।
कार्यक्रम के उपसभापति सोनू बंसल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन का जीवन त्याग, परोपकार और समाज कल्याण के आदर्शों से भरा रहा है। आज भी उनकी शिक्षाएं समाज को एकजुट रहने और सेवा भाव से कार्य करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने समिति द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की और समाज को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में हंसवाहिनी संगीत कला मन्दिर के बैनर तले समाज के नन्हे मुन्ने बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां सराहनीय रही।
समारोह का समापन मां लक्ष्मी की आरती के साथ हुआ। इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ सदस्य, महिलाएं, युवा और बच्चे बड़ी संख्या में मौजूद रहे। उक्त आयोजन को सफल बनाने में संरक्षक अमरचंद सिंगल, अमृत लाल सिंगला, रमेश गर्ग ,मथुरादास बंसल, जगदीश अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आर.के. गर्ग, उपाध्यक्ष अनिल बंसल, सचिव तरसेम जिंदल, सहसचिव महावीर बंसल, कोषाध्यक्ष आशीष गोयल, संगठन मंत्री सुरेश मित्तल, विधि मंत्री दिनेश गुप्ता, सुभाष मित्तल,हेमंत गोयल, नरेश अग्रवाल, सदस्य सुदेश गोयल, एसएन गुप्ता, अग्रवाल समाज समिति पूर्व सचिव अमरनाथ सिंगला, विजय बलाड़िया, नरेश गर्ग, तरसेम गर्ग चुस्की, कपिल बंसल, मनमोहन गर्ग, एडवेाकेट धर्मेन्द्र बंसल, मनोज गोयल, कुलभूषण जिन्दल, पवन गोयल, अमृतलाल ठेकेदार, रविन्द्र डालमिया, गोपाल जिन्दल, एडवोकेट जेपी गर्ग, विजय बंसल, दर्शना अग्रवाल, राजरानी गोयल, महिला समिति पूर्व अध्यक्षा मित्तली अग्रवाल, मीना बंसल, मंजू गुप्ता, रीनू बंसल का विशेष सहयोग रहा। समिति सचिव तरसेम जिन्दल ने आये हुए अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।





