






ग्राम सेतु डॉट कॉम
गुड डे डिफेंस स्कूल, न्यू सैनिक स्कूल, हनुमानगढ़ की ओर से 25 अक्टूबर को श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में ‘विक्टर्स ऑनर’ स्पोर्ट्स अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया गया। स्कूल के लगभग 135 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन के लिए मेडल, ट्रॉफी एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य विद्यार्थियों की खेल उपलब्धियों, मेहनत, लगन, अनुशासन और खेल भावना को प्रोत्साहित करना रहा। गुड डे डिफेंस सैनिक स्कूल के एनसीसी कैडेट्स ने परेड के माध्यम से बैंड की धुन पर अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।
मुख्य अतिथि एएसपी अरविंद विश्नोई, विशिष्ट अतिथि डीएसपी करण सिंह, अर्जुन अवॉर्डी संदीप मान, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर रवि दाधीच तथा अंतरराष्ट्रीय जूडो कोच अभयजीत उपस्थित रहे। अतिथियों का संस्था के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा के नेतृत्व में संस्था के सदस्यों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा माला, पटका और पगड़ी पहनाकर स्वागत-अभिनंदन किया।
विद्यालय के खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, कुश्ती, जूडो, लॉन टेनिस, क्रिकेट, तैराकी, बास्केटबॉल एवं घुड़सवारी सहित विभिन्न खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। राष्ट्रीय स्तर पर मयंक ने एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक, मीठी ने अंडर-19 बॉक्सिंग में कांस्य पदक तथा आलोक कुमार ने अंडर-14 आर्म रेसलिंग में राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ियों में सूर्यकांत एवं सूर्यप्रताप (अंडर-17 लॉन टेनिस), सौरभ कुमार (अंडर-14 जूडो एवं कुश्ती), आयुष कुमार (अंडर-14 जूडो) तथा रयना (अंडर-19 बॉक्सिंग) शामिल रहे।
राज्य एवं अन्य प्रमुख प्रतियोगिताओं में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। सौरभ कुमार ने जूडो एवं कुश्ती में उपलब्धियां हासिल कीं तथा सीबीएसई बेस्ट जोन प्रतियोगिता में अंडर-17 वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। आयुष कुमार ने अंडर-14 जूडो में रजत पदक, पर्ल जुनेजा ने अंडर-14 लॉन टेनिस में स्वर्ण पदक, साहिल ने अंडर-17 बॉक्सिंग में रजत पदक तथा पुलकित ने अंडर-17 जूडो में कांस्य पदक हासिल किया। क्रिकेट में कुशाग्र एवं अनिश कुशवाह ने रजत पदक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्पर्धाओं के साथ-साथ टीम प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन किया। इनमें अंडर-14 एथलेटिक्स, बास्केटबॉल एवं जूडो टीम चैंपियनशिप, अंडर-17 बालिका तैराकी एवं बॉक्सिंग टीम चौंपियनशिप, अंडर-17 बालक क्रिकेट चैंपियनशिप, अंडर-19 बालक एवं बालिका घुड़सवारी चैपियननशिप तथा अंडर-19 बालिका बास्केटबॉल एवं बॉक्सिंग चैंपियनशिप सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की उपलब्धियां उल्लेखनीय रहीं। बालक एथलेटिक्स टीम ने भी चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि एएसपी अरविंद विश्नोई ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि विद्यालय के ये प्रतिभाशाली खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय और गुड डे डिफेंस स्कूल के प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अपने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहकर निरंतर मेहनत करने से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं के लिए भी रोजगार और सरकारी सेवाओं के अनेक अवसर उपलब्ध हैं। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी पूरी लगन से भाग लेना चाहिए।
श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो संस्था के लिए गर्व की बात है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने तथा अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
संस्था के एमडी दिनेश कुमार जुनेजा ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षा के साथ खेलों में भागीदारी भी आवश्यक है। खेल विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाने के साथ मानसिक रूप से मजबूत और अनुशासित बनाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए निरंतर अभ्यास और मेहनत से नई उपलब्धियां हासिल करने का संदेश दिया।
अर्जुन अवॉर्डी संदीप मान ने कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, नियमित अभ्यास और दृढ़ संकल्प जरूरी है। खिलाड़ियों को हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक अच्छा खिलाड़ी वही होता है, जो मैदान में जीत के लिए पूरा प्रयास करने के साथ खेल भावना और अनुशासन का भी पालन करे। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करते हैं। खेल के मैदान में सीखी गई ये खूबियां जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में उपयोगी साबित होती हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं।
जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर रवि दाधीच ने कहा कि खेलों में सफलता हासिल करने के लिए त्याग, अनुशासन और कठिन परिश्रम आवश्यक हैं। खिलाड़ियों को अपनी रुचियों और दिनचर्या में संतुलन बनाते हुए लक्ष्य प्राप्ति के लिए निरंतर अभ्यास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि समर्पण और मेहनत से ही खिलाड़ी अपनी पहचान बना सकते हैं।
इस अवसर पर संस्था के निदेशक विंग कमांडर जीडी शर्मा, प्रशासक अनुराग छाबड़ा, एनडीए निदेशक मनोज कुमार, प्राचार्य अनामिका गौड़, हॉस्टल निदेशक एलपी जैन सहित संस्था के एनसीसी सदस्य, शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे। मंच संचालन अनुरिका ने किया।





