




ग्राम सेतु डॉट कॉम
लोकतंत्र, संविधान और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से हनुमानगढ़ में कांग्रेस सेवादल की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान की शुरुआत की गई। मुख्य अतिथि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक एवं हरियाणा शुगर फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन अजय शर्मा, श्रीगंगानगर-हनुमानगढ़ सांसद कुलदीप इंदौरा, पूर्व राज्य मंत्री पवन गोदारा, रोहित जून और वरिष्ठ कांग्रेस नेता कृष्ण नेहरा रहे।
कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने सूत की माला एवं सेवादल की कैप पहनाकर अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदेमातरम से हुई। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार करते हुए आमजन से लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पर्यवेक्षक अजय शर्मा ने कहा कि देश की चुनावी व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई जा रही है, जो हमारे महान संविधान के मूल ढांचे पर सीधा हमला है। कांग्रेस का यह अभियान केवल पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक के अधिकारों की हिफाजत का राष्ट्रीय संकल्प है। हमें मिलकर यह सुनिश्चित करना होगा कि आम मतदाता का विश्वास लोकतांत्रिक प्रणाली पर अडिग बना रहे।
अजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सेवादल हनुमानगढ़ में बहुत मजबूत है। सेवादल एक कर्मठ संगठन है, जिसके कार्यकर्ता प्रशिक्षण प्राप्त कर कांग्रेस पार्टी के लिए संघर्ष करते हैं। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का मिशन है कि सेवादल के लोगों को भी आगे बढ़ाया जाए। कांग्रेस सांसदों की बैठक के दौरान कुलदीप इंदौरा सचिव थे। उस समय भी निर्देश दिए गए थे कि सेवादल से केवल काम नहीं लेना है, बल्कि उसके कार्यकर्ताओं को राजनीति में भी आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि आज हनुमानगढ़ जिले में सेवादल जिस मजबूती के साथ दिखाई दे रहा है, उसे देखकर खुशी हुई है। उनका मानना है कि हनुमानगढ़ में सेवादल की टीम सबसे बड़ी टीम होगी।
सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि आज देश का लोकतंत्र और संविधान एक गहरी साजिश के दायरे में है, जिसे बचाने के लिए हर नागरिक को जागरूक होना होगा। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की वह लड़ाई है, जिसे कांग्रेस पार्टी हर बूथ स्तर पर मजबूती से लड़ेगी। तानाशाही ताकतों को यह स्पष्ट संदेश है कि जनता अपने मत की ताकत से संविधान विरोधी ताकतों को करारा जवाब देगी। इंदौरा ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए। अब तो सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी भी सामने आ चुकी है।
पूर्व राज्य मंत्री पवन गोदारा ने कहा कि जनता के अधिकारों और उसकी गाढ़ी कमाई के हकों की रक्षा करना ही सरकार और कांग्रेस पार्टी का सर्वाेपरि कर्तव्य है। भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण आज आम आदमी का जीवन मुश्किल हो गया है। जनता इस तानाशाही का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। उन्होंने कहा कि यह अभियान जन-जन की आवाज बनकर देशभर में एक नई राजनीतिक क्रांति का सूत्रपात करेगा।
सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने कहा कि कांग्रेस सेवादल का एक-एक सिपाही इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ मैदान में उतर चुका है। एक नवंबर को रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में राहुल गांधी द्वारा दिए गए संदेश को कार्यकर्ता घर-घर पहुंचाकर लोगों को जागरूक करेंगे। उन्हें बताया जाएगा कि किस तरह उनके वोट के अधिकार को सुरक्षित रखकर देश के भविष्य को बचाया जा सकता है। अनुशासन और सेवा की भावना के साथ सेवादल इस ऐतिहासिक आंदोलन को हर गांव और शहर तक लेकर जाएगा।
पारीक ने कहा कि निकाय चुनाव और पंचायत समिति चुनाव में सेवादल के पदाधिकारियों को पूर्व विधायक विनोद कुमार द्वारा टिकट देने का सराहनीय कार्य किया गया। इसी तरह जिला परिषद चुनाव में सांसद कुलदीप इंदौरा एवं स्थानीय नेताओं द्वारा सेवादल के कार्यकर्ताओं को टिकट दी गई, जिससे संगठन को मजबूती मिली है।
कांग्रेस सेवादल के पूर्व जिला महासचिव कृष्ण नेहरा ने कहा कि कांग्रेस सेवादल राहुल गांधी के हाथ मजबूत करने के लिए हनुमानगढ़ में मजबूती से कार्य कर रहा है। श्रीनिवास बीवी के सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कांग्रेस सेवादल जमीनी स्तर पर कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को घर-घर पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में सेवादल जिला महासचिव महेंद्र चतुर्वेदी, इशाक चायणान, कांग्रेस सेवादल सचिव एवं वार्ड 50 पार्षद लखविंदर सिंह, वार्ड 40 पार्षद चंदन मोंगा, कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड अध्यक्ष एवं वार्ड 44 कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी लोकेंद्र सिंह भाटी, कांग्रेस सेवादल महासचिव एवं वार्ड 16 कांग्रेस प्रत्याशी आमिर खान, सेवादल कोषाध्यक्ष विनित बंसल, जिला सचिव जयपाल गिरी, सचिव राज प्रकाश रोहिल्ला, पीलीबंगा ब्लॉक अध्यक्ष भगवाना राम लखूवाली, हनुमानगढ़ शहर ब्लॉक अध्यक्ष संजय होटला, वार्ड 59 कांग्रेस प्रत्याशी जयदेव जोइया, वार्ड 60 कांग्रेस प्रत्याशी मोहित शाक्य, सेवादल यंग ब्रिगेड उपाध्यक्ष अब्बास, अकरम खान, महासचिव सुरेश दास, हीरालाल, सुभाष शर्मा, राकेश मंडल, सोनू धानका और रवि मेघवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
ब्राह्मण समाज के वरिष्ठजन पंडित जसवीर शर्मा, महावीर प्रसाद शर्मा, मलकीत सिंह एवं लोकराज शर्मा ने भगवान परशुराम का पटका पहनाकर केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं हरियाणा शुगर फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन अजय शर्मा, सांसद कुलदीप इंदौरा और पूर्व राज्य मंत्री पवन गोदारा का स्वागत किया।
कार्यक्रम में नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस से जीत हासिल करने वाले कांग्रेस सेवादल सचिव एवं वार्ड 50 पार्षद लखविंदर सिंह तथा वार्ड पार्षद चंदन मोंगा का साफा एवं माला पहनाकर और सम्मान प्रतीक भेंट कर अभिनंदन किया गया। इसके अलावा कांग्रेस के टिकट पर नगर परिषद चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों का भी स्वागत किया गया।





