ग्राम सेतु डॉट कॉम
हनुमानगढ़ जिले की छह पंचायत समिति क्षेत्रों की 204 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच चुनने के लिए गुरुवार को मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सुबह सात बजे शुरू हुआ मतदान शाम छह बजे तक चला। गांवों की सरकार चुनने के लिए सात लाख से अधिक मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिले के 753 मतदान केंद्रों पर मतदान की व्यवस्था की गई थी। मतदान समाप्ति तक जिले में औसतन 89.38 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। सबसे अधिक मतदान पल्लू पंचायत समिति क्षेत्र में 92.05 प्रतिशत रहा, जबकि राजपुरा (8 बीएचडी) में 87.70 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह मतदान शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर ग्रामीणों की कतारें लगनी शुरू हो गईं। महिला, पुरुष और युवा मतदाताओं ने उत्साह के साथ मतदान किया। कई गांवों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर चहल-पहल बनी रही। तीसरे चरण में सरपंच पद के लिए जिले में 873 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। मतदान बैलेट पेपर के जरिए करवाया गया। मतदान समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना की प्रक्रिया शुरू हुई। शुक्रवार को उपसरपंच का चुनाव होगा।
शाम छह बजे तक प्राप्त पंचायत समितिवार आंकड़ों के अनुसार पल्लू में 92.05 प्रतिशत मतदान हुआ। पीलीबंगा में 90.32, नोहर में 90.12, भादरा में 88.50, राजपुरा (8 बीएचडी) में 87.70 और हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति क्षेत्र में 87.56 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। जिले का औसत मतदान 89.38 प्रतिशत रहा।
मतदान के दौरान पल्लू क्षेत्र लगातार आगे रहा। सुबह दस बजे तक यहां 25.07 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था, जबकि दोपहर एक बजे तक यह आंकड़ा 52.71 प्रतिशत पहुंच गया। दोपहर तीन बजे तक पल्लू में 72.14 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
सुबह दस बजे तक जिले में औसतन 24.10 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इस समय तक 204 ग्राम पंचायतों के कुल 7,28,911 मतदाताओं में से 1,75,641 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके थे। पंचायत समितिवार आंकड़ों में पल्लू 25.07 प्रतिशत के साथ आगे था। भादरा और नोहर में 24.40-24.40, राजपुरा में 24.09, हनुमानगढ़ जंक्शन में 23.39 और पीलीबंगा में 23.33 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर एक बजे तक जिले में मतदान का औसत 50 प्रतिशत के पार पहुंच गया। इस समय पल्लू में 52.71, नोहर में 52, भादरा में 50.91, राजपुरा में 50.38, पीलीबंगा में 49.53 और हनुमानगढ़ जंक्शन में 47.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। दोपहर तीन बजे तक औसत मतदान 69.22 प्रतिशत हो गया। पल्लू में 72.14, नोहर में 71.66, भादरा में 68.90, पीलीबंगा में 68.19, राजपुरा में 69.19 और हनुमानगढ़ जंक्शन में 65.27 प्रतिशत मतदाता वोट डाल चुके थे। इसके बाद शाम छह बजे मतदान समाप्त होने तक जिले का औसत आंकड़ा 89.38 प्रतिशत तक पहुंच गया।
मतदान के दौरान नोहर पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत रतनपुरा में दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच मामूली झड़प हो गई। मतदान केंद्र के नजदीक भीड़ एकत्रित होने के बाद विवाद की स्थिति बनी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करवाया। पुलिस ने दोनों पक्षों को पाबंद भी किया। रतनपुरा का मतदान केंद्र पहले से ही अति संवेदनशील घोषित था। घटना के बाद मौके पर शांति बनी रही।
मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न करवाने के लिए जिले में 3400 पुलिस जवान तैनात किए गए थे। एएसपी अरविंद बिश्नोई ने हनुमानगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत मक्कासर, डबली राठान सहित कई संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। पुलिस बल ने मतदान केंद्रों पर व्यवस्था का जायजा लिया और मतदाताओं को मतदान के बाद केंद्र के आसपास अनावश्यक रूप से खड़े नहीं रहने तथा 200 मीटर की परिधि से जुड़े नियमों की जानकारी दी।
पल्लू पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत गैंग नयासर में सात वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए। बूथ स्तर अधिकारी राजेश गरुवा के अनुसार वार्ड एक से देवराज, वार्ड दो से महेंद्र सिंह, वार्ड तीन से केशर देवी, वार्ड चार से हेमराज, वार्ड पांच से सावित्री, वार्ड छह से ओमप्रकाश और वार्ड सात से सरोज निर्विरोध चुने गए। इसी पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत दनियासर में इंद्रा थालोड़ निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुईं। उनके निर्विरोध निर्वाचन पर ग्रामीणों ने खुशी जताई और इसे आपसी सहमति तथा गांव की एकजुटता का परिणाम बताया। पल्लू पंचायत समिति क्षेत्र की अन्य ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 94 प्रत्याशी मैदान में थे।
